आगरा। निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला में पट्टाचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महामुनिराज के तीन शिष्य मुनि श्री समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री शील सागर महाराज एवं श्रमण मुनि श्री सुप्रभात सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर परिसर से भव्य घटयात्रा निकाली गई। घटयात्रा का शुभारंभ नारियल फोड़कर किया गया। सबसे आगे ढोल-नगाड़े चल रहे थे। उनके पीछे 108 कलश लेकर महिलाएं चल रही थीं। सभी इंद्र-इंद्राणी बग्गियों पर सवार थे, जिनमें सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र, ब्रह्म इंद्र आदि शामिल थे। इसके बाद बैंड चल रहा था। बैंड की मधुर ध्वनि पर महिलाएं भजनों पर झूमती हुई चल रही थीं। ब्रह्मचारी तरुण भैया ने धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं।

विधान महोत्सव की गतिविधियां विधिवत आरंभ हुईं

कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहणकर्ता रमेश जैन टायर वाले परिवार रहे, जबकि पंडाल उद्घाटनकर्ता राजीव कुमार जैन (राधिका ट्रेवल्स) परिवार रहे। इन मांगलिक क्रियाओं के साथ विधान महोत्सव की गतिविधियां विधिवत आरंभ हुईं। 10 से 16 नवंबर तक आयोजित महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

मुनि श्री ने प्रवचन में आंतरिक और बाहरी तत्वों का अंतर समझाया

अपनी अमृतमयी वाणी में मुनि श्री समत्व सागर जी ने कहा कि आप अभी भाव बना सकते हैं साक्षात के, और जब आज आप भाव बना लेंगे साक्षात के, तभी जाकर यह कृत्रिम समवशरण आपको साक्षात भगवान के समवशरण तक पहुंचाने का कारण बन जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य-कारण मीमांसा को न जानता हुआ जीव आज तक भ्रमित है और भ्रमण कर रहा है। अनेक बार आपने इसी भूमि पर, अनेक मंडपों में बैठकर इस विधान में भाग लिया होगा। बाहर से सारे कार्य एक जैसे दिखाई दे सकते हैं, बाहर से सबके चेहरे श्रृंगार और आभूषणों से युक्त दिख सकते हैं, लेकिन अंतरंग के परिणामों से ही पता चलता है कि उसमें कितने अलंकार लगे हैं।

यदि अभी तक अंतरंग का श्रृंगार नहीं कर पाए, तो...

उन्होंने कहा कि यदि अभी तक अंतरंग का श्रृंगार नहीं कर पाए, तो बाहर से कितने ही सुंदर क्यों न हों, अंदर से श्रृंगार से रहित होने के कारण बाहर से भी फीके-फीके दिखाई देते हैं। जो इस कृत्रिम जिनालयों, कृत्रिम चैत्यालयों में आकर वंदना कर पाएगा, वही जाकर साक्षात जिनेंद्र भगवान के चरणों की वंदना कर पाएगा।मुनि श्री ने कहा कि जो आपके मुख में आता है, उसका विचार पहले आपके दिल और मस्तिष्क में आता है। मस्तिष्क में जिन भावों को उठाया है, वही जीवन में दिखाई देता है। भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण उत्सव आपने मना लिया। वह ईंट और लकड़ी के भावों को मंगल करने का निमित्त बना, लेकिन जो जितने मंगलमय भावों से जितने अधिक समय तक अपने आप को मंगल करेगा, उसका जीवन अपने आप ही मंगलमय हो जाएगा।

यह समाजजन उपस्थित रहे

इस मौके पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मनोज जैन, प्रवीण जैन, विवेक जैन, चक्रेश जैन, आशु जैन, रोहित जैन, विन्नु जैन, नानू जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन, समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज मौजूद रहा।