सीकर। 11 जिनालयों की नगरी सीकर वास्तव में धर्म नगरी है, जहां चातुर्मास के दौरान भी अनेक दीक्षाएं हुईं। चातुर्मास निष्ठापन होने के बाद एकम 10 नवंबर को आचार्य वर्धमान सागर ने क्षुल्लिका निर्लेप मति के मस्तक पर हाथ रखकर महाव्रत के संस्कार देकर उन्हें आर्यिका निर्लेप मति बनाया। इस अवसर पर समस्त मुनिराज, आर्यिका माताजी सहित संघ, परिजन एवं समाज उपस्थित रहा। इसके पूर्व आचार्य वर्धमान सागर ने माह अगस्त में 7 दीक्षाएं दी थीं, इसके बाद 31 अक्टूबर को क्षुल्लिका दीक्षा हुई थी। आचार्य वर्धमान सागर सहित सभी साधुओं ने चातुर्मास कलश का निष्ठापन किया।कार्तिक कृष्ण अमावस्या 9 नवंबर को महावीर स्वामी का निर्वाण मोदक संघ के सानिध्य में भक्तिभावपूर्वक पुण्यार्जक परिवार द्वारा चढ़ाया गया।

आचार्य श्री के उपदेश में कहा- लौकिक संसारी व्यक्तियों द्वारा दीपावली पर धनतेरस के रूप में मनाई जाती है

इस अवसर पर आचार्य श्री ने उपदेश में बताया कि दीपावली का त्योहार दीपों का उत्सव है। इस दिन भगवान महावीर स्वामी को प्रातः निर्वाण तथा उनके प्रथम गणधर गौतम स्वामी को भी अमावस्या के दिन शाम को निर्वाण प्राप्त हुआ। इसी कारण दीपावली का त्योहार जैन समाज द्वारा मनाया जाता है। लौकिक संसारी व्यक्तियों द्वारा दीपावली पर धनतेरस के रूप में मनाई जाती है। वस्तुतः धन तेरस, धन्य तेरस है, क्योंकि उस दिन महावीर स्वामी ने योग धारण कर ध्यान से कर्मों का क्षय कर सिद्ध अवस्था को प्राप्त किया।

अनंत सुख सिद्धालय को प्राप्त कर सकते हैं

डॉ. राजेश पंचोलिया के अनुसार आचार्य श्री ने आगे बताया कि मोक्ष मार्ग रत्नत्रय धर्म से प्राप्त होता है। सभी को गुरुजनों, जिनवाणी से धर्म का पुरुषार्थ कर मुक्ति की राह बताई है। व्रत धारण करने से मुक्ति की राह है। व्रत-अणुव्रत धारण करने से पुण्य अर्जित होता है। इससे जीवन ऊपर उठता है। रत्नत्रय सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान, सम्यक चारित्र रूपी तीन एचपी की मोटर से आप जीवन में पुरुषार्थ कर उत्थान कर अनुपम, अनंत सुख सिद्धालय को प्राप्त कर सकते हैं। सीकर में 1 मुनिराज और 2 आर्यिका माताजी की संलेखना समाधि साधना आचार्य संघ के सानिध्य में चल रही है।

भामाशाह अशोक पाटनी ने किए दर्शन

435914.jpg

मार्बल नगरी किशनगढ़ के प्रसिद्ध भामाशाह अशोक पाटनी, राजेंद्र पारीख, स्थानीय विधायक सीकर, सुशीला पाटनी, संजय पापड़ीवाल सहित किशनगढ़ से अनेक भक्त आचार्य वर्धमान सागर के दर्शन करने सीकर पधारे। टोंक नगर से अनेक भक्तों ने आचार्य श्री की पूजन कर संघ सहित टोंक पधारने हेतु श्रीफल भेंट कर निवेदन किया।