मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर की ओर से अल्ट्रासाउंड-गाइडेड कैडेवरिक नर्व ब्लॉक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप एनेस्थीसियोलॉजी के एचओडी प्रो. मुकेश कुमार प्रसाद और एनाटॉमी विभाग के एचओडी प्रो. एस. के. जैन के दिशानिर्देश में हुई। वर्कशॉप में देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों के एक्सपर्ट्स डॉ. अंशुमान मिश्रा, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. मनीष जैन, डॉ. सुधीर सिंह, डॉ. श्वेता, डॉ. नीलकमल, डॉ. निधि कुमार, डॉ. देबायन आदि ने प्रशिक्षण दिया। एक्सपर्ट्स ने सुरक्षित एवं सटीक नर्व ब्लॉक तकनीकों पर जोर दिया।
अल्ट्रासाउंड इमेज की समझ और व्यावहारिक कौशल जरूरी बताया
वर्कशॉप की खास बात यह रही कि मेडिकल साइंसेज के डीन, एनाटॉमी विभाग के एचओडी एवं वर्कशॉप के अध्यक्ष प्रो. एस. के. जैन ने डेड बॉडी के सम्मान के लिए सभी प्रतिभागियों को कैडेवेरिक शपथ दिलाई, विभिन्न नर्व ब्लॉक तकनीकों का लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन किया गया, एक्सपर्ट्स ने प्रत्येक चरण में व्यक्तिगत मार्गदर्शन देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया, किसी भी प्रक्रिया की सफलता के लिए शारीरिक संरचनाओं की गहरी समझ और अल्ट्रासाउंड इमेज की सही व्याख्या बेहद आवश्यक बताई गई और सुरक्षित और प्रभावी नर्व ब्लॉक के लिए एनाटॉमी का ज्ञान, अल्ट्रासाउंड इमेज की समझ और व्यावहारिक कौशल जरूरी बताया गया।
तुलनात्मक अध्ययन करने का अवसर मिला
वर्कशॉप का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वर्कशॉप का महत्वपूर्ण आकर्षण रियल-टाइम अल्ट्रासाउंड इमेजिंग और कैडेवर पर प्रत्यक्ष शारीरिक संरचनाओं के अध्ययन का अनूठा समन्वय रहा। एक्सपर्ट्स के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को अल्ट्रासाउंड स्क्रीन पर दिखाई देने वाली संरचनाओं का कैडेवर में मौजूद वास्तविक शारीरिक संरचनाओं से तुलनात्मक अध्ययन करने का अवसर मिला। इस दौरान विभिन्न नर्व ब्लॉक तकनीकों का लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन किया गया। प्रतिभागियों ने नर्व की पहचान, सुई की सही दिशा, आसपास की रक्त वाहिकाओं एवं अन्य संरचनाओं की पहचान और सुरक्षित तरीके से ब्लॉक लगाने की प्रक्रिया को नजदीक से समझा। एक्सपर्ट्स ने कहा कि रीजनल एनेस्थीसिया में अल्ट्रासाउंड तकनीक का उपयोग ट्रीटमेंट प्रक्रिया को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सुरक्षित और प्रभावी नर्व ब्लॉक के लिए एनाटॉमी का ज्ञान, अल्ट्रासाउंड इमेज की समझ और हाथों का व्यावहारिक कौशल एक-दूसरे के पूरक हैं।
सुरक्षित नर्व ब्लॉक की तकनीकी बारीकियों को समझाया
सर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली के डॉ. सवितार मल्होत्रा और डॉ. भुवन चंद्र पांडेय ने अल्ट्रासाउंड इमेजिंग के माध्यम से नर्व की पहचान, आसपास की शारीरिक संरचनाओं का आकलन और सुरक्षित नर्व ब्लॉक की तकनीकी बारीकियों को समझाया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रक्रिया की सफलता के लिए शारीरिक संरचनाओं की गहरी समझ और अल्ट्रासाउंड स्क्रीन पर प्राप्त इमेज की सही व्याख्या बेहद आवश्यक है। यथार्थ सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के डॉ. अंशुमान मिश्रा और डॉ. आशीष कुमार ने अल्ट्रासाउंड-गाइडेड रीजनल एनेस्थीसिया के व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा में इस तकनीक का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने नर्व की सटीक लोकेशन, सुई की उचित दिशा, दवा के प्रसार की निगरानी और प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को महत्वपूर्ण बताया।
केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं
एनसीआरआईएमएस के डॉ. मनीष जैन ने अपने अनुभवों के माध्यम से प्रतिभागियों को विषय से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां प्रदान कीं। सिनर्जी अस्पताल, देहरादून के डॉ. सुधीर सिंह ने कहा कि केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि चिकित्सकों को विभिन्न शारीरिक संरचनाओं की पहचान और नर्व ब्लॉक लगाने की प्रक्रिया का नियमित व्यावहारिक अभ्यास भी करना चाहिए। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ की डॉ. श्वेता ने अल्ट्रासाउंड इमेजिंग की बारीकियों और प्रक्रिया के दौरान सही संरचनाओं की पहचान पर अपने विचार साझा किए। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के डॉ. नीलकमल ने आधुनिक एनेस्थीसिया में अल्ट्रासाउंड-गाइडेड तकनीकों की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, देहरादून की डॉ. निधि कुमार ने प्रतिभागियों को नर्व ब्लॉक की तकनीकी समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया। गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, नोएडा के डॉ. देबायन ने व्यावहारिक प्रशिक्षण और आधुनिक इमेजिंग तकनीकों के समन्वय को चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
वर्कशॉप में यह भी रहे मौजूद
वर्कशॉप में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. एन. के. सिंह, वाइस प्रिंसिपल प्रो. प्रीथपाल सिंह मटरेजा, एनेस्थीसियोलॉजी के एचओडी डॉ. मुकेश कुमार प्रसाद, सीनियर रेडियोलॉजिस्ट प्रो. राजुल रस्तोगी, डॉ. पायल जैन, डॉ. शाहबाज आलम आदि मौजूद रहे।




