इंदौर। शासकीय प्राथमिक विद्यालय बजरंगपुरा में शीतकालीन स्वेटर वितरण एवं स्नेह मिलन समारोह मंगलवार को रखा गया। इसमें ईशान पत्रिका परिवार और सहयोगियों के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क स्वेटर का वितरण किया गया ताकि वे सर्दी के इस मौसम में स्वस्थ रह सकें। सर्दियों में गर्माहट और मुस्कान का सफर के ध्येय वाक्य के साथ शीतकालीन स्वेटर वितरण एवं स्नेह मिलन समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा-‘नन्हें-नन्हें बच्चों की मुस्कान से सजता है ये जहान’, इनके चेहरों पर खुशी लाना ही है हमारा सबसे बड़ा अरमान।’

​सर्दियों के इस ठंडे मौसम में जरूरतमंद बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए और अपनों सा दुलार देने के उद्देश्य से एक बेहद सुंदर और प्रेरणादायी कार्यक्रम शासकीय प्राथमिक विद्यालय बजरंगपुरा किया गया। इस आयोजन ने हर दिल को छू लिया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन किया गया। माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का विधिवत मांगलिक शुभारंभ किया गया।

​विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर प्रबुद्ध अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रूप से किया गया। ईशान पत्रिका के संपादक और पोरवाड़ समाज इंदौर के परामर्शदाता सुनीलकुमार जैन, दिगंबर जैन महिला मंडल छावनी की पूर्व अध्यक्ष अर्चना कासलीवाल समाज सेवी सुषमा जैन, मनीष जैन वर्ष 2025 में पद्मश्री प्राप्त एवं कबीर जन चेतना संस्था के अध्यक्ष भैरूसिंह चौहान, शासकीय माध्यमिक विद्याल केवटी की प्रभारी दीपाली सोनी, ग्राम पंचायत पीपलिया मल्हार के सरपंच नरेश डाभी, पंचायत सचिव शैलेंद्र चौहान, ग्राम के सहयोगी विजय गेहलोत, मनोज चौहान, जगदीश चौहान आदि उपस्थित रहे।

बच्चों को मिले स्वेटर तो दमके चेहरे

अतिथियों प्रेरणादायी उद्बोधन और अनमोल विचारों और मार्गदर्शन ने ने उपस्थित जनों में एक नई ऊर्जा और समाज सेवा की प्रेरणा दी। इस मौके पर अतिथियों के करकमलों से जब नन्हें-मुन्ने बच्चों को स्वेटर प्रदान किए गए तो उनके चेहरों पर आई चमक और मुस्कान देखने लायक थी। संस्था प्रधान रतन सिंह चौहान ने आभार माना। इस आयोजन को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, गुरुजनों और सहयात्रियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।