बिजौलियां खुर्द। दशलक्षण पर्व के दौरान श्री 1008 दिगंबर चंद्रप्रभु जिनालय में धर्म और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। उत्तम संयम धर्म की आराधना के अवसर पर सुबह से ही भगवान के अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।

नन्हे-नन्हे बच्चों में भी पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। सभी ने श्रद्धाभाव से धर्म आराधना में सहभागिता की।

सामूहिक भक्तामर महाआरती में उमड़ा श्रद्धाभाव

सायंकाल जिनालय परिसर में भव्य सामूहिक भक्तामर महाआरती का आयोजन हुआ। भक्तामर पाठ एवं आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। गाजे-बाजे और भक्तिमय वातावरण से पूरा जिनालय आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।

त्रयोदशी पर गूंजेगा णमोकार महामंत्र

दशलक्षण पर्व के आगामी कार्यक्रमों की कड़ी में त्रयोदशी के दिन संगीतमय णमोकार महामंत्र पाठ एवं भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। सामूहिक णमोकार महामंत्र पाठ के साथ श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगेंगे तथा भक्ति संध्या में धार्मिक प्रस्तुतियों का आनंद लेंगे।

दशलक्षण पर्व के इन आयोजनों से जिनालय में प्रतिदिन धर्म, भक्ति और संस्कारों की अनूठी छटा देखने को मिल रही है।