मुरैना/भिंड। अतिशय क्षेत्र बरासो जी में भगवान महावीर स्वामी के महामस्तकाभिषेक एवं वार्षिक मेला महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में जैन समाज के साथ विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

पूजन-विधान से हुई आराधना

जैन समाज की मीडिया प्रभारी सोनल जैन ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत प्रातः 8 बजे नित्यपूजन एवं प्रातः 10 बजे विधान आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी की आराधना कर धर्मलाभ लिया।

शोभायात्रा के बाद हुआ महामस्तकाभिषेक

दोपहर 3 बजे भगवान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके पश्चात विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान महावीर स्वामी का महामस्तकाभिषेक संपन्न हुआ। शोभायात्रा और अभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सायं 6 बजे मंगलमय आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का समापन हुआ।

अतिथियों का सम्मान और वात्सल्य भोज

आयोजन में पधारे अतिथियों का तिलक-वंदन कर शॉल एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। उन्हें भगवान महावीर स्वामी का चित्र भी भेंट किया गया। अतिशय क्षेत्र बरासो जी कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश शास्त्री ने किया। महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था प्रभास जैन, मोनू जैन, रवि जैन एवं कनवर परिवार, उमरी द्वारा की गई।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना