अयोध्या/जयपुर। शाश्वत तीर्थ अयोध्या में गणिनी प्रमुख आर्यिका शिरोमणि श्री ज्ञानमती माताजी का 75वां संयम दिवस एवं 93वीं जन्म जयंती शरद पूर्णिमा के अवसर पर 25 से 27 अक्टूबर 2026 तक मनाई जाएगी। इस अवसर पर तीस चौबीसी जिन मंदिर शिखर कलशारोहण एवं सरस्वती ज्ञान आराधना महोत्सव सहित विविध धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आयोजन गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी ससंघ के सान्निध्य, प्रज्ञा श्रमणी आर्यिका रत्न श्री चंदनामती माताजी के मार्गदर्शन तथा अयोध्या तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष एवं पीठाधीश स्वस्ति श्री रविंद्रकीर्ति स्वामी जी के निर्देशन में होगा।
25 अक्टूबर को सर्वजातीय महासंघ सम्मेलन
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन जयपुर ने बताया कि 25 अक्टूबर को अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के सत्र प्रातः 8:30 बजे, दोपहर 2 बजे और सायं 7:30 बजे होंगे।
आयोजन का समन्वय सर्वजातीय महासंघ के महामंत्री एवं मुख्य संयोजक हसमुख गांधी, इंदौर के निर्देशन में किया जा रहा है।
26 अक्टूबर को कलशारोहण और जन्म जयंती सभा
26 अक्टूबर को प्रातः 6 बजे से भगवान ऋषभदेव की बड़ी प्रतिमा का मस्तकाभिषेक होगा। ध्वजारोहण का सौभाग्य संजय-रेखा दीवान, सूरत परिवार को प्राप्त हुआ है। प्रातः 7:30 बजे पुरस्कार समर्पण सभा, 9 से 10 बजे तक कलशारोहण तथा दोपहर 1 बजे जन्म जयंती की मुख्य विनयांजलि सभा आयोजित होगी।
इस दिन 108 इंद्र-इंद्राणियों द्वारा सरस्वती ज्ञान आराधना, सायंकाल सामूहिक महाआरती तथा रात्रि 8:30 बजे रूपेश जैन का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा।
27 अक्टूबर को रथयात्रा
महोत्सव के अंतिम दिन 27 अक्टूबर को प्रातः धार्मिक अनुष्ठान के बाद 7:30 बजे रथयात्रा निकाली जाएगी। समस्त मांगलिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार जैन, जम्बूद्वीप एवं प्रतिष्ठाचार्य अकलंक जैन, डालीगंज लखनऊ के मार्गदर्शन में संपन्न होंगी।
पुरस्कार और जैन विवाह ऐप का उद्घाटन
अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महामंत्री अमरचंद सराफ ने बताया कि गणिनी ज्ञानमती पुरस्कार समर्पण समारोह में ज्ञानमती पुरस्कार, जम्बूद्वीप पुरस्कार, छोटेलाल पुरस्कार एवं रत्नमती पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जीवन प्रकाश जैन जम्बूद्वीप, हस्तिनापुर द्वारा निर्मित जैन जाति विवाह ऐप का उद्घाटन भी 26 अक्टूबर को किया जाएगा।
श्रीफल साथी : उदयभान जैन, जयपुर




