जयपुर। दिगंबर जैन मंदिर महारानी फार्म, गायत्री नगर जयपुर मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में अष्टांहिका महापर्व के त्यागी व्रतियों की अनुमोदना एवं अभिनंदन समारोह आदिनाथ भवन, गायत्री नगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाश्वत तीर्थ क्षेत्र सम्मेद शिखरजी में नौ दिवसीय उपवास करने वाले त्यागी व्रतियों का सम्मान किया गया।
नौ दिवसीय उपवास करने वाले व्रतियों का सम्मान
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह के निर्देशन में आयोजित समारोह में गायत्री नगर निवासी राजकुमार बाकलीवाल, श्रीमती विमला बाकलीवाल, श्रीमती उर्मिला श्रीमाल एवं श्रीमती रेनू बाकलीवाल का सम्मान किया गया। मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्यजनों ने त्यागी व्रतियों की अनुमोदना करते हुए उनके तप एवं साधना की सराहना की।
कैलाश मानसरोवर यात्री अनिल जैन गदिया का स्वागत
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन जयपुर ने बताया कि इस अवसर पर जैन समाज के श्रावक श्रेष्ठी एवं गायत्री नगर निवासी अनिल जैन गदिया का भी भव्य स्वागत किया गया। वे भारत सरकार की ओर से प्रथम बैच में सातवीं बार कैलाश मानसरोवर यात्रा कर लौटे हैं।
बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा
त्यागी व्रतियों एवं अनिल जैन गदिया के सम्मान में मंदिर परिसर से बैंड-बाजों और बग्गी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। मार्ग में समाजजनों ने त्यागी व्रतियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अनिल जैन ने सुनाए यात्रा के संस्मरण
समारोह के दौरान अनिल जैन गदिया ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने यात्रा के अनुभवों के साथ ही कैलाश मानसरोवर जाने की प्रक्रिया के बारे में भी उपस्थित समाजजनों को जानकारी दी।
गणमान्यजनों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के विजय सोगानी, राजेश बोहरा, राकेश छाबड़ा, संजय जैन, बसंत बाकलीवाल, पदम झंझरी, संतोष गंगवाल, संतोष रावका, राकेश पटौदी सहित वरिष्ठ एडवोकेट विमल जैन, उदयभान जैन, कैलाश छाबड़ा, राजेश बाकलीवाल, प्रदीप बाकलीवाल, बीना टोंगिया, प्रमिला शाह, अनीता बडजात्या, लता सोगानी, मधु छावड़ा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
श्रीजी के समक्ष अर्घ्य समर्पित
शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद सभी व्रतियों ने श्रीजी के समक्ष अर्घ्य समर्पित किए। कार्यक्रम में त्याग, तप, व्रत एवं धार्मिक साधना के प्रति श्रद्धा का वातावरण रहा।
अध्यक्ष अरुण शाह ने किया संचालन एवं आभार
समारोह का संचालन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी समाजजनों, त्यागी व्रतियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



