इंदौर। अहिंसा, करुणा और ‘जियो और जीने दो’ के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा दिगंबर जैन समाज में धर्म प्रभावना और सामाजिक एकजुटता को नया आयाम देने के उद्देश्य से स्थापित राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ भारत का भव्य ऐतिहासिक वार्षिक सम्मेलन होने जा रहा है। संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यह गरिमामय आयोजन 6 सितंबर रविवार को दोपहर 1 बजे से दलाल बाग, छत्रपति नगर इंदौर में हर्षाेल्लास और भक्तिभाव के साथ होने जा रहा है। संघ नायक राकेश गोहिल एवं मंयक जैन ने कहा कि आयोजन में मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी संसघ का पावन सान्निध्य रहेगा। मुनिश्री की ओजस्वी वाणी, यथार्थवादी मार्गदर्शन और धर्म प्रभावना से सम्पूर्ण समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है। मुनिश्री के दर्शन, वंदन और देशना का लाभ लेने के लिए मालवा अंचल ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश और देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
’कलौ एकता बलम’ को समर्पित महासंगम
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान में समाज की संगठनात्मक शक्ति को सर्वाेपरि मानते हुए यह सम्मेलन ’कलौ एकता बलम’ अर्थात कलयुग में संगठन में ही बल है के मूल मंत्र को समर्पित है। यह आयोजन किसी क्षेत्र विशेष का नहीं,बल्कि सच्चे देव,शास्त्र और गुरु और धर्म संस्कृति में आस्था रखने वाले प्रत्येक श्रावक-श्राविकाओं का साझा मंच है। इसका मुख्य ध्येय समाज में वात्सल्य, भ्रातृभाव और युवा पीढ़ी और समंग्र जैन समाज को धर्म संस्कृति से जोड़ना है। दद्दू ने कहा कि भावी योजनाओं पर गहन मंथन होगा। सम्मेलन में केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि समाज उत्थान, धार्मिक गतिविधियों और भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति द्वारा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवास, शुद्ध सात्विक भोजन, पार्किंग और बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
आयोजन समिति में सह समाजजन
आयोजन संयोजक मनीष गोधा, आनंद गोधा, नवीन गोधा, केंद्रीय संघ नायक राकेश जैन गोहिल, आयोजन समन्वयक आशारानी पांड्या, आकाश कोल, अशोक दोसी, हर्ष जैन, गजेंद्र जैन (गिन्नी ग्रुप), धर्मेंद्र जैन (सिनकेम), गिरीश जैन (गिन्नी ग्रुप), सौरभ बड़जात्या, संजय रमेश सामरिया, अक्षय कासलीवाल, राहुल जैन (स्पोर्ट्स) मयंक जैन, राजेश जैन दद्दू, एवं मुक्ता जैन, सोनाली बागड़िया, रेखा जैन श्रीफल हैं।
धर्म लाभ लेने की अपील
आयोजन के बारे में सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति ने इंदौर सहित आसपास के सभी जैन समाज, महिला मंडलों, महिला परिषद्, सोशल ग्रुप फेडरेशन ,रिजन और युवा मंडल,संगठनों से सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।



