डडूका। दिगंबर जैन पाठशाला के प्रेरक अजीत कोठिया को फेमस पीपुल इंडिया वर्ल्ड संस्था द्वारा विगत तीन वर्षों से लगातार निःशुल्क अध्यापन कार्य हेतु शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन विद्या रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया है। संस्था के फाउंडर राजेश पंडा ने बताया कि आर्थिक भागमभाग के इस युग में अजीत कोठिया द्वारा बच्चों को निःशुल्क अध्यापन द्वारा संस्कार आरोहण अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय कार्य है। इसके अलावा कोठिया प्रति रविवार बच्चो को सामूहिक पूजन प्रशिक्षण द्वारा भी धार्मिक आध्यात्मिक संस्कारों से अभिप्रेरित करते हैं।
रोचक क्विज से करते है बच्चों की धार्मिक रुचि जागृत
अजीत कोठिया रथोत्सव, तीर्थंकर जन्म, तप, केवल्य ओर मोक्ष कल्याणक पर्व पर रोचक क्विज आयोजित कर बच्चों की धार्मिक रुचि को जागृत करने में मदद करते हैं। सांगानेर बोर्ड परीक्षा द्वारा परीक्षाओं के सफल आयोजन और नियमित मूल्यांकन में कोठिया रचनात्मक भूमिका अदा करते हैं। पंडा ने बताया कि शिक्षक दिवस पर एक सेवानिवृत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अजीत कोठिया को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित करते हुए फेमस पीपुल इंडिया वर्ल्ड परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है।




