"agra_wonderful_jainism_grand_session_taj_khema"
टैग्स:
आगरा। ताजमहल के निकट ताज खेमा में जैन धर्म, दर्शन, आध्यात्मिकता और आत्मविकास पर केंद्रित ‘वंडरफुल जैनिज्म’ भव्य सत्र आयोजित हुआ। संतचर्या शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महामुनिराज के शिष्य मुनि श्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री 108 शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 सुप्रभातसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में आयोजित सत्र में युवाओं, युवतियों, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साह से सहभागिता की।
मंगलाचरण और पाद प्रक्षालन से शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद संजय जैन, जोधपुर एवं वीरेंद्र जैन शास्त्री ने मुनि श्री का पाद प्रक्षालन किया।
सभागार में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। पूरे उत्साह के साथ युवाओं ने “Proud to be a Jain” का उद्घोष किया।
विशिष्ट अतिथियों का सम्मान
श्रुत मंथन वर्षायोग समिति की ओर से पर्वतारोही यशी जैन, विंग कमांडर कुलदीप जैन, स्क्वाड्रन लीडर नूपुर जैन, एमिटी विश्वविद्यालय के निदेशक अक्षय जैन, सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एस.के. जैन, सेवानिवृत्त आयुक्त एस.के. जैन, डॉ. पीयूष जैन, लेफ्टिनेंट रोहित जैन एवं अनंत रॉय जैन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अतिथियों का सम्मान किया गया।
उपलब्धियों के साथ जैन पहचान पर गर्व
मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने युवाओं से कहा कि जीवन में उपलब्धि प्राप्त करने के साथ अपनी जैन पहचान और संस्कारों पर भी गर्व होना चाहिए। उन्होंने तिरंगे के सम्मान का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति अपनी राष्ट्रीय पहचान पर गौरव अनुभव करता है, उसी प्रकार जैन धर्म के अहिंसा, संयम और आत्मविकास के सिद्धांतों को भी जीवन में गौरव के साथ अपनाना चाहिए।
स्वयं को शून्य नहीं समझें
मुनि श्री ने कहा कि कई बार युवा स्वयं को शून्य समझ लेते हैं, जबकि सही दिशा, प्रेरणा और परिश्रम से वही शून्य जीवन का मूल्य कई गुना बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में क्षमता है; आवश्यकता है उसे पहचानने, जागृत करने और सही लक्ष्य से जोड़ने की।
उन्होंने कहा कि जैन दर्शन की शिक्षाएं व्यक्ति को केवल सफल नहीं, बल्कि संवेदनशील, अनुशासित और मूल्यनिष्ठ भी बनाती हैं।
मंच संचालन और सहभागिता
मंच संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के राजीव जैन, चक्रेश जैन, विवेक जैन, गौरव जैन, सनी जैन, विनीत जैन, संभव जैन, युग जैन, हितेश जैन एवं मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समिति के सदस्य और सकल जैन समाज उपस्थित रहा।
श्रीफल साथी : राहुल जैन, आगरा




