आगरा। कलाकुंज, मारुति स्टेट स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन रविवार को उत्तम सत्य धर्म की श्रद्धापूर्वक आराधना की गई। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही। भक्तों ने भगवान का अभिषेक, शांतिधारा, मंगल पूजन एवं उत्तम सत्य धर्म की विशेष पूजा-अर्चना की।

पुष्पदंतनाथ भगवान का मनाया मोक्ष कल्याणक

इस अवसर पर भगवान पुष्पदंतनाथ का मोक्ष कल्याणक भी भक्तिभाव से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान पुष्पदंतनाथ के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित कर मोक्षमार्ग और आत्मकल्याण की भावना व्यक्त की।

श्रद्धालुओं ने विधान में शामिल होकर भगवान की आराधना की। धार्मिक भजनों, पूजन और जयकारों से जिनालय का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

सत्य विचार, सत्य व्यवहार और सत्य आचरण का संदेश

पूजन के दौरान उत्तम सत्य धर्म का महत्व बताते हुए कहा गया कि सत्य केवल वाणी का विषय नहीं, बल्कि सत्य विचार, सत्य व्यवहार और सत्य आचरण को जीवन में अपनाने का नाम है।

मन, वचन और कर्म में एकरूपता रखते हुए छल-कपट, झूठ एवं असत्य से दूर रहने और आत्मशुद्धि की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।

सत्य धर्म को जीवन में उतारने का लिया संकल्प

श्रद्धालुओं ने उत्तम सत्य धर्म को दैनिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। दशलक्षण महापर्व के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग धर्मों की आराधना के माध्यम से संयम, साधना एवं आत्मचिंतन की प्रेरणा दी जा रही है।

आरती के साथ हुआ धार्मिक आयोजन का समापन

आयोजन में कलाकुंज मंदिर समिति के पदाधिकारी, वीर महिला मंडल, वात्सल्य सेवा समिति एवं वर्धमान युवा मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

अंत में भगवान की आरती के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।