आगरा। श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, कलाकुंज, मारुति स्टेट में वात्सल्य सेवा समिति कलाकुंज-अवधपुरी के तत्वावधान में चल रहे 44 दिवसीय पार्श्वनाथ कल्याण स्तोत्र मंदिर विधान का छठवां दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। भगवान पार्श्वनाथ की आराधना के साथ विधान की धार्मिक क्रियाओं का शुभारंभ हुआ।
मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुईं विधान क्रियाएं
विधानाचार्य पंडित सुमेर जैन शास्त्री एवं मयंक जैन शास्त्री के निर्देशन में इंद्र-इंद्राणियों ने मंत्रोच्चार के साथ विधान की विभिन्न क्रियाएं विधिविधानपूर्वक संपन्न कराईं। श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष पूजन-अर्चन कर सुख-शांति और आत्मकल्याण की कामना की।
पूजन के दौरान मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
विधान के दौरान आयोजित संगीतमय भक्ति कार्यक्रम ने धार्मिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों और मधुर भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
छठवें दिवस के विधान के पुण्यार्जक परिवार के रूप में दीपेंद्र जैन, सपना जैन, विधि जैन, भव्या जैन एवं शुभ जैन रहे। परिवार ने भगवान पार्श्वनाथ की आराधना कर पुण्यार्जन किया।
पदाधिकारी व श्रद्धालु रहे उपस्थित
आयोजन में अध्यक्ष रविंद्र जैन, राजीव जैन, अजय जैन मास्टर, आदित्य जैन, आगम जैन, शुभम जैन, रश्मि जैन, सुनीता जैन, उपासना जैन, रिंकी जैन सहित वात्सल्य सेवा समिति एवं कलाकुंज मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी विधान की धार्मिक क्रियाएं श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न होंगी।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा




