आगरा। जयपुर हाउस स्थित टीचर्स कॉलोनी के श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में दस दिवसीय जिन सहस्रनाम महाअर्चना एवं महामृत्युंजय महाशांति अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को अनुष्ठान के नौवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। धार्मिक क्रियाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।

अभिषेक और शांतिधारा के बाद 150 अर्घ्य

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शांतिनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इसके बाद विधान पात्रों एवं श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य के साथ मंडल पर विराजमान श्रीजी के चरणों में 150 अर्घ्य समर्पित किए।

इस दौरान जिन सहस्रनाम महाअर्चना एवं महामृत्युंजय महाशांति अनुष्ठान की विभिन्न धार्मिक क्रियाएं विधि-विधान से संपन्न हुईं। जयकारों और मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।

शीतलनाथ भगवान का निर्वाण कल्याणक

अनुष्ठान के दौरान दसवें तीर्थंकर भगवान श्री शीतलनाथ का निर्वाण कल्याणक महोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर उनके सिद्ध स्वरूप का स्मरण किया तथा सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने भगवान के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।

सायंकालीन सत्र में अर्हम ध्यान योग

सायंकाल आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज एवं क्षुल्लिकाश्री के मार्गदर्शन में अर्हम ध्यान योग आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने आत्मचिंतन और ध्यान-साधना का लाभ लिया। इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष राकेश जैन, मंत्री दीपक जैन, विनोद रांवका, सुबोध पाटनी, संकल्प जैन, चक्रवर्ती पंकज जैन, नीरज जैन, सिद्धांत जैन, देवांश जैन, महायज्ञनायक विमल जैन, आदित्य जैन, अरिहंत जैन, सौधर्म इंद्र रविंद्र जैन, नमन जैन, कुबेर इंद्र मनोज जैन, ऋषभ जैन, यज्ञनायक शची जैन, ईशान इंद्र सिद्धार्थ पारस जैन, सनत इंद्र शैलू जैन रांवका, बाहुबली संजय जैन, विभव जैन, वर्धन जैन एवं याची जैन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा