आगरा। जैन मिलन क्षेत्र संख्या 9, शाखा क्रमांक 103 की ओर से 18 अक्टूबर को फतेहाबाद रोड स्थित मेपल रिज होटल में भव्य डांडिया नाइट का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।

रंगारंग संगीत, आकर्षक डांडिया प्रस्तुतियों और सुरुचिपूर्ण भोज से सजे आयोजन में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह में उमंग का वातावरण बनाया।

संगीत की धुनों पर थिरके सदस्य

कोरियोग्राफर के निर्देशन में सदस्यों ने संगीत की धुनों पर डांडिया किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने नृत्य, मनोरंजन और आपसी मेलजोल का आनंद लिया। डांडिया की ताल और मधुर संगीत ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने सदस्यों को परिवार के साथ आनंदपूर्ण समय बिताने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर प्रदान किया।

विभिन्न श्रेणियों में सम्मान

आयोजन के दौरान बेस्ट ड्रेस्ड कपल, एनर्जेटिक कपल और बेस्ट स्माइलिंग कपल सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

पदाधिकारियों की रही सहभागिता

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक एस.के. जैन, अध्यक्ष राजीव परवार, मंत्री पूजा जैन, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र जैन, संदीप जैन, रानी जैन, अनिल जैन एवं डॉ. राजीव जैन सहित लगभग 50 सदस्य उपस्थित रहे आयोजकों ने कहा कि जैन मिलन के ऐसे कार्यक्रम सामाजिक सौहार्द, पारिवारिक सहभागिता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाते हैं।

श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा