आगरा। हरीपर्वत स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्री दिगंबर जैन शिक्षा समिति के तत्वावधान में 13 अक्टूबर को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

पंचकल्याणक पूजन से हुआ शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 3 बजे पंचकल्याणक पूजन से हुआ। इसके उपरांत पंडित जिनेंद्र जैन शास्त्री के निर्देशन में स्वर्ण कलशों से भगवान शांतिनाथ का सामूहिक कलशाभिषेक किया गया।

मंत्रोच्चार एवं भगवान के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने अभिषेक कर धर्मलाभ लिया। मंदिर परिसर भक्तिभाव और जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

भजन प्रस्तुति ने बांधा समां

श्रद्धालुओं ने भगवान शांतिनाथ के चरणों में पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा विश्व शांति की मंगल कामना की। संगीत शशि एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।

समाजजनों की रही उपस्थिति

महोत्सव में मनोज जैन बाकलीवाल, प्रदीप जैन पीएनसी, डॉ. जितेंद्र जैन, पार्षद राकेश जैन, राकेश जैन पर्देवाले, सुनील जैन ठेकेदार, संजीव जैन, राजेंद्र जैन, चित्ररंजन जैन, मिलिंद जैन, तनुज जैन, शुभम जैन, ममता जैन, हर्षिता जैन, प्रिया जैन, प्रभा जैन, संगीता जैन, वंदना जैन, शोभा जैन और शेफाली जैन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : आगरा