आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को दसवें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर श्री शीतलनाथ महामंडल विधान श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शीतलनाथ की आराधना की और धर्मलाभ प्राप्त किया।
विधि-विधान से संपन्न हुईं धार्मिक क्रियाएं
पंडित रविंद्र जैन शास्त्री के निर्देशन में विधान की सभी धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराई गईं। श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य से भगवान शीतलनाथ की पूजन-अर्चना की।
मंदिर परिसर भगवान के जयकारों, मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से गुंजायमान रहा।
निर्वाण कांड का वाचन, लड्डू अर्पित
मोक्ष कल्याणक के अवसर पर श्रद्धालुओं ने निर्वाण कांड का वाचन किया तथा भगवान के चरणों में श्रद्धापूर्वक निर्वाण लड्डू अर्पित किया।
मंदिर व्यवस्थापक सुभाष जैन ने बताया कि भगवान शीतलनाथ के मोक्ष कल्याणक पर आयोजित इस विधान की सभी धार्मिक क्रियाएं श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हुईं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।
समाजजनों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में नरेश जैन, प्रमोद जैन, पार्षद राकेश जैन, वीरेंद्र जैन, सुभाष जैन, धर्मेश जैन, रविंद्र जैन, अभिषेक जैन एवं ऋषि जैन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
महिलाओं में सुशीला जैन, अल्पना जैन, सुनीता जैन, शशि जैन, कुसुम जैन, मधु जैन, राजकुमारी जैन, पूनम जैन, मंजुला जैन एवं मंजू जैन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा




