भिंड। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के अंतर्गत चंबल रीजन के इस जिले के समस्त दिगंबर जैन सोशल ग्रुपों को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी की ओर से शनिवार को सायं 7 बजे से श्री दिगंबर जैन महावीर कीर्ति स्तंभ मंदिर, लश्कर रोड में ऐतिहासिक भुजरिया मिलन समारोह एवं सामूहिक श्री भक्तामर जी पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक श्री भक्तामर जी पाठ एवं आरती के साथ हुआ। भक्तामर जी पाठ के उपरांत उपस्थित सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं परिवारजनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर भुजरिया मिलन की शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। इस दौरान मंदिर परिसर प्रेम, सौहार्द, अपनत्व एवं भाईचारे की भावना से सराबोर हो उठा।

120 सदस्य परिवारों ने अपनी सहभागिता की

इस अवसर पर भिंड जिले के दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सीनियर सिटीजन मेन, अजितनाथ, ‘सार्थक  ग्रुप  के सम्माननीय पदाधिकारी एवं दांपत्य सदस्य सहित सिटी भिंड परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 120 सदस्य परिवारों ने अपनी सहभागिता की। यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सभी ग्रुपों एवं परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।

अतिथियों को वात्सल्यपूर्ण स्वल्पाहार कराया

संस्था सचिव अंशुल आयशा जैन द्वारा कार्यक्रम में पधारे हुए समस्त अतिथियों एवं परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सभी के सहयोग एवं स्नेहपूर्ण सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत सुमित रिंकी जैन (रानीपुर वाले) एवं ऋषभ सोनम जैन (रानीपुर वाले) द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों एवं परिवारजनों को अत्यंत वात्सल्यपूर्ण स्वल्पाहार कराया गया।

अपनत्व एवं एकता की मिसाल प्रस्तुत की।

इससे पूर्व कार्यक्रम में पधारे हुए समस्त अतिथियों का संस्था अध्यक्ष शैलेंद्र पूनम जैन, कोषाध्यक्ष रविंद्र सुधा जैन, शिरोमणि संरक्षक एवं राष्ट्रीय निदेशक मंडल सदस्य अशोक जया जैन तथा राष्ट्रीय निदेशक मंडल सदस्य अतुल ज्योति जैन सहित दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी भिण्ड के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण द्वारा पधारे हुए अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने धर्म, भक्ति एवं सामाजिक एकता के साथ-साथ आपसी प्रेम और भाईचारे को निरंतर मजबूत करने का संकल्प लिया। भुजरिया मिलन समारोह ने वास्तव में भिंड जिले के दिगंबर जैन सोशल ग्रुप परिवारों के बीच अपनत्व एवं एकता की एक सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।