मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज़ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी-सीसीएसआईटी में आईईईई डे-2026 उत्साह, रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार के संग मनाया गया। आईईईई के वैश्विक थीम- एंगेजिंग अवर मेंबर्स वर्ल्डवाइड के अनुरूप दो दिनी कार्यक्रम में तकनीकी ज्ञान, उद्योग जगत के अनुभव, स्टूडेंट्स की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। टीएमयू की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच और आईईईई वूमेन इन इंजीनियरिंग-डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, इनडोर गेम्स, तकनीकी प्रतियोगिताओं और टीएमयू गॉट टैलेंट जैसी गतिविधियों के प्रदर्शन से पूर्व सीसीएसआईटी के वाइस प्रिंसिपल प्रो. अशोक कुमार बोले कि इंजीनियरिंग शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल तकनीकी दक्षता अर्जित करना नहीं बल्कि स्टूडेंट्स को विचारशील, आत्मविश्वासी, रचनात्मक और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना भी है। संचालन आईईईई मेंबर्स सान्या कुमारी, अनिकेत दीक्षित, नव्या शर्मा, अनामता नकवी, कुमारी प्रियांशी और अर्चना कुमारी ने किया।कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रुहेला नाज ने टीएमयू की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच और आईईईई डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप का परिचय देते हुए तकनीकी शिक्षा, मेंटरिंग, सहभागिता, महिला सशक्तीकरण और नेतृत्व विकास में इन संगठनों की भूमिका को रेखांकित किया।

कन्वर्जेन्स ऑफ टू ट्रांसफॉर्मेटिव टेक्नोलॉजीज पर विशेषज्ञ व्याख्यान

आईईईई डे समारोह में ब्लॉकचेन एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसः कन्वर्जेन्स ऑफ टू ट्रांसफॉर्मेटिव टेक्नोलॉजीज विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी हुआ। इन्फोसिस में एसोसिएट कंसल्टेंट, बेंगलुरु एवम् एमिटी यूनिवर्सिटी, रांची से पूर्व में जुड़े रहे प्रभाकर कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने ब्लॉकचेन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पूरक क्षमताओं, विभिन्न उद्योगों में उनके संभावित अनुप्रयोगों, शोध और नवाचार की उभरती संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने स्टूडेंट्स को इन तकनीकों को केवल सैद्धांतिक अवधारणाओं तक सीमित न रखकर परियोजनाओं, प्रयोगों और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। इंटरैक्टिव व्याख्यान ने स्टूडेंट्स को उद्योग जगत के दृष्टिकोण से उभरती तकनीकों को समझने का अवसर प्रदान किया। इससे पूर्व सीसीएसआईटी के एचओडी डॉ. रुपल गुप्ता ने स्टूडेंट्स के सर्वांगीण विकास में पाठ्येतर गतिविधियों और व्यावसायिक संगठनों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स को अपनी पहल पर कार्य करने, साथियों के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान खोजने और अपने विचारों को व्यावहारिक परिणामों में बदलने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।

ओम सागर जैन प्रथम रहे

तकनीकी गतिविधियों के अलावा लूडो, शतरंज और कैरम प्रतियोगिताओं में इंडोर गेम्स के निर्णायक अनुज राघव और हरजिंदर सिंह रहे। लूडो प्रतियोगिता में बीटेक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वितीय वर्ष के ओम सागर जैन प्रथम, बीटेक द्वितीय वर्ष के अंश कुमार द्वितीय और बीटेक तृतीय वर्ष की दिव्या चौहान ने तृतीय स्थान पर रहीं। शतरंज प्रतियोगिता में बीटेक डेटा साइंस के वंश खोत्यन ने प्रथम, बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के यश जैन द्वितीय और फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के विशाल कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

निर्णायक अजय सिंह और ज्योति रंजन थे

कैरम प्रतियोगिता में कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर के विक्की कुमार ने प्रथम और इसी कॉलेज के रोहित कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के अतुल कुमार गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। टीएमयू गॉट टैलेंट में तकनीकी कौशल और रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन रहा। इस प्रतियोगिता के निर्णायक अजय सिंह और ज्योति रंजन लाभ रहे। तकनीकी श्रेणी में बीटेक एआई/एमएल के पंकज सैनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

देवांश वशिष्ठ को क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड

डांस श्रेणी में फार्मेसी के देवांश शर्मा प्रथम, बीसीए की अंकिता घोष द्वितीय और बीसीए प्रथम वर्ष की सूर्यांशी तृतीय स्थान पर रहीं। देवांश वशिष्ठ को क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड से सम्मानित किया गया। अंत में डॉ. रुहेला नाज ने आभार व्यक्त किया। आईईईई डे-2026 के आयोजन में टीएमयू की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच के चेयर आशुतोष कुमार, आईईईई डब्ल्यूआईई एफिनिटी ग्रुप की चेयर रिया जैन और इसी ग्रुप की सचिव मन्युपमा कुमारी ने सक्रिय भूमिका निभाई।