आगरा। डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के पांचवें दिन धार्मिक अनुष्ठानों, मुनि श्री समत्वसागर जी के प्रवचन और भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।अष्टानिका महापर्व के अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में आयोजित इस विधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर शक्ति व सामर्थ्य मिलने की मंगलकामना की जा रही है। साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के सिद्धांतों के माध्यम से देश-दुनिया में सुख, समृद्धि और सद्भावना की प्रार्थना की जा रही है। प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी, मुनि श्री शीलसागर जी एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी के ससंघ सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई।
विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित किए
विधान में सांसद नवीन जैन ने धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में भाग लिया। उन्होंने परिवार एवं अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर 64 अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन तथा देश-विश्व में शांति, सुख-समृद्धि और सद्भाव की कामना की गई। इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और सेवा भाव सभी के लिए प्रेरणा है। इस अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से यही कामना है कि वे स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और देश सेवा के लिए उन्हें सदैव नई ऊर्जा मिलती रहे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं।
आज युवा पीढ़ी के पास कमाने के लिए समय है
मुनि श्री समत्वसागर जी ने प्रवचन में जीवन की अंधी दौड़ और धर्म से बढ़ती दूरी पर विचार करने की प्रेरणा दी। उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति का दृष्टांत सुनाया, जिसे सूर्योदय से सूर्यास्त तक जितनी भूमि नापने का अवसर दिया गया, शर्त थी कि उसे दिन ढलने से पहले शुरुआती स्थान पर लौटना होगा। अधिक जमीन की लालसा में वह दौड़ता रहा, लौटने में देर की और थकान के कारण न भूमि मिली, न जीवन बचा। मुनि श्री ने कहा कि मनुष्य भी धन-संपत्ति और सफलता की चाह में जीवनभर भागता रहता है, लेकिन स्वास्थ्य, परिवार, भोजन और धर्म के लिए समय निकालना भूल जाता है। आज युवा पीढ़ी के पास कमाने के लिए समय है, पर भोजन और आत्मचिंतन की फुर्सत नहीं है। इसलिए भौतिक उपलब्धियों के साथ आत्मकल्याण और धर्म के लिए भी समय देना आवश्यक है।
विधान में यह समाजजन उपस्थित रहे
सायंकाल 7 बजे श्रीजी की भव्य संगीतमय मंगल आरती हुई। इसके पश्चात सागर से पधारीं अहिंसा जैन एवं अंकुश जैन ने भजन संध्या प्रस्तुत की। मधुर भजनों पर महिलाएं एवं युवा श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, पार्षद पंकज अग्रवाल, पार्षद मुरारी अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुनील जैन, पूर्व पार्षद अमित ग्वाला, पूर्व पार्षद जगदीश पचौरी, अमित चौधरी, प्रवीण जैन, दीपक जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, जैन संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




