मुरैना। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर मुरैना में धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्यश्री 108 उदारसागर जी महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति श्रावक धर्म के नियमों और मर्यादाओं का पालन नहीं करता, वह सच्चे अर्थों में श्रावक कहलाने योग्य नहीं है। श्रावक का जीवन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसके प्रत्येक व्यवहार में अहिंसा, संयम, दया और सावधानी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने जलगालन अर्थात पानी छानकर पीने की परंपरा का महत्व बताते हुए कहा कि यह केवल धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक जीव के प्रति करुणा और उसकी रक्षा का भाव है। आचार्यश्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार स्टोव में अग्नि एक तरफ भागने लगती है तो पिन के माध्यम से उसकी गड़बड़ी ठीक की जाती है, उसी प्रकार हमारा शरीर और जीवन भी अनेक बुराइयों एवं कषायों से प्रभावित हो जाता है। इन्हें दूर करने के लिए धर्म रूपी पिन की आवश्यकता होती है। धर्म के माध्यम से हम अपने भीतर मौजूद क्रोध, मान, माया और लोभ जैसी बुराइयों को दूर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिसके हृदय में दया का भाव होता है, वही जीवों की रक्षा के लिए जलगालन का महत्व समझ सकता है। मान्यता के अनुसार बिना छने पानी की एक बूंद में 36,450 तक सूक्ष्म जीव बताए गए हैं। इसलिए जलगालन जीवदया और अहिंसा के पालन का महत्वपूर्ण माध्यम है।

युवक की जीवदया सावधानी देख आचार्य श्री हुए प्रभावित

जलगालन की सावधानियों पर प्रकाश डालते हुए आचार्य श्री ने कहा कि जल में रहने वाले सूक्ष्म जीव जल के आकार के अनुरूप होते हैं। इसलिए पानी छानने के लिए दोहरा और मोटा कपड़ा होना चाहिए। पुराने, छिद्रयुक्त अथवा रंगीन कपड़े से पानी नहीं छानना चाहिए। जल छानने की पूरी प्रक्रिया में सावधानी रखनी चाहिए, ताकि सूक्ष्म जीवों की रक्षा हो सके और बिना छने पानी की एक बूंद भी जमीन पर न गिरे। आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज से जुड़ा प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि आचार्य श्री ने बुंदेलखंड क्षेत्र में जलगालन की अत्यंत सावधानीपूर्ण परंपरा देखकर इस क्षेत्र को अपनी साधना और धर्मप्रभावना के लिए चुना था। एक बार उन्होंने देखा कि एक युवक कुएं से पानी भरने के लिए रस्सी, कड़े वाली बाल्टी और परात लेकर आया। उसने कुएं से पानी निकालकर थमेडी को परात में रखा और उस पर छन्ना लगाकर सावधानीपूर्वक पानी भरा। उसका प्रयास था कि बिना छने पानी की एक बूंद भी जमीन पर न गिरे। इसके बाद छने हुए पानी को बिलछानी कड़े वाली बाल्टी के माध्यम से कुएं तक पहुंचाया गया। युवक की जीवदया और सावधानी देखकर आचार्य श्री अत्यंत प्रभावित हुए। यह प्रसंग बुंदेलखंड की धार्मिक चेतना और अहिंसक संस्कारों को दर्शाता है।

मुनिश्री उपशांतसागरजी ने धर्म और संयम का दिया संदेश

धर्मसभा में मुनि श्री 108 उपशांतसागर जी महाराज ने भी श्रावक जीवन में धर्म, संयम और नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। मुनिश्री उपशांत सागर जी महाराज ने विजय-विजया सेठ-सेठानी का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक बार श्रावक दंपती से बिलछानी का पानी जमीन पर गिर गया। इस घटना से दोनों को बहुत दुख हुआ और उन्होंने अपने प्रमाद का प्रायश्चित करने का निश्चय किया। वे प्रायश्चित के लिए दिगम्बर मुनिराज के पास पहुंचे। मुनिराज ने उन्हें उत्कृष्ट श्रावक को आहार कराने का निर्देश दिया और कहा कि आहारशाला में ऊपर लगा काला चंदोवा यदि सफेद हो जाए तो इसे उनके पापों के प्रक्षालन का निमित्त समझना। एक दिन दंपती को आहार कराने का अवसर मिला। जैसे ही उन्होंने आहार ग्रहण किया, चंदोवा सफेद हो गया। यह देखकर उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए। पूछने पर दंपती ने बताया कि वे दोनों असिधारा व्रत अर्थात ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करते हैं। एक ने कृष्ण पक्ष में और दूसरे ने शुक्ल पक्ष में इस नियम का पालन करने का संकल्प लिया था। ये धर्मनिष्ठ दंपती विजय-विजया सेठ-सेठानी के नाम से प्रसिद्ध हुए। यह प्रसंग संयम, ब्रह्मचर्य और श्रावक जीवन की उत्कृष्ट साधना का संदेश देता है।

संचालन एवं मंगलाचरण इन्होंने किया

धर्मसभा का व्यवस्थित एवं प्रभावशाली संचालन विद्वत् नवनीत जैन शास्त्री ने किया। मंगलाचरण रविन्द्र कुमार जैन ने किया। चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन उपस्थित साधर्मी बंधुओं ने किया। धर्मसभा में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने आचार्य श्री एवं मुनिश्री के प्रवचनों को श्रद्धापूर्वक सुना तथा श्रावक धर्म के नियमों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।