मुरैना। दिगंबर जैन साधु संतों के जीवन में पिच्छिका का विशेष महत्व है। यह केवल मोर पंखों से बना हुआ एक उपकरण नहीं, बल्कि साधु के अहिंसा महाव्रत, जीवदया, करुणा और संयम का प्रतीक है। जिस प्रकार जैन साधु साध्वी अपने जीवन में प्रत्येक क्षण अहिंसा का पालन करने का प्रयास करते हैं, उसी प्रकार पिच्छिका उनके इस संकल्प को व्यवहार में उतारने का महत्वपूर्ण साधन है। पिच्छिका हमें सिखाती है कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक छोटे से छोटे जीव के प्रति संवेदनशील होना भी धर्म का अभिन्न अंग है। यह मंगलकारी उद्बोधन आचार्य श्री 108 उदारसागर महाराज ने बड़ा जैन मंदिर में धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। आचार्यश्री ने बताया कि दिगम्बर जैन साधु संतों के प्रमुख संयम उपकरण पिच्छी और कमंडल होते हैं। पिच्छी को जिन मुद्रा एवं करुणा का प्रतीक माना गया है। साधु के पास पिच्छिका इसलिए रहती है, ताकि वे अपने दैनिक क्रियाकलापों में सूक्ष्म से सूक्ष्म जीवों की रक्षा कर सकें। जमीन पर बैठने, उठने अथवा किसी स्थान पर अपने आसन आदि को व्यवस्थित करने से पहले पिच्छिका से अत्यंत सावधानीपूर्वक स्थान का परिमार्जन किया जाता है, जिससे वहां मौजूद छोटे-छोटे जीवों को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। पिच्छी के बिना दिगम्बर साधु के अहिंसामय महाव्रत के पालन की कल्पना भी कठिन है।
जीवों को चोट पहुंचने की संभावना नहीं रहती
उन्होंने कहा कि मोर पंखों से निर्मित पिच्छिका में ऐसे विशेष गुण होते हैं, जो इसे साधु के संयम जीवन के अनुकूल बनाते हैं। यह धूल को अपने भीतर ग्रहण नहीं करती, अत्यंत हल्की होती है, पसीना ग्रहण नहीं करती और इसकी प्रकृति सुकुमार तथा कोमल होती है। यह झुकने वाली होती है, जिससे जीवों को चोट पहुंचने की संभावना नहीं रहती। मोर पंख इतने कोमल होते हैं कि यदि वे आंखों के संपर्क में भी आ जाएं तो सामान्यतः चुभन या कष्ट उत्पन्न नहीं करते। इन गुणों के कारण पिच्छिका को सूक्ष्म जीवों की रक्षा के लिए उपयुक्त माना गया है।
साधु का जीवन अहिंसा के व्यावहारिक पालन का अनुपम उदाहरण
आचार्यश्री ने कहा कि संसार में अहिंसा की बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन दिगम्बर जैन साधु का जीवन अहिंसा के व्यावहारिक पालन का अनुपम उदाहरण है। वे केवल मनुष्य और बड़े जीवों की ही नहीं, बल्कि आंखों से दिखाई न देने वाले सूक्ष्म जीवों की भी रक्षा का भाव रखते हैं। एक साधु अपने प्रत्येक कदम, प्रत्येक क्रिया और प्रत्येक उपकरण के उपयोग में जीवों के प्रति सावधानी रखता है। यही अहिंसा की वास्तविक साधना है। पिच्छिका साधु को निरंतर यह स्मरण कराती है कि मेरे कारण किसी भी जीव को कष्ट नहीं होना चाहिए।
संयम, साधना और आत्मकल्याण के संकल्प दृढ़ करने का अवसर
पिच्छिका परिवर्तन की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए आचार्यश्री ने बताया कि दिगम्बर जैन साधु वर्ष में एक बार अपनी पुरानी पिच्छिका का परिवर्तन कर नई पिच्छिका ग्रहण करते हैं। यह केवल एक उपकरण बदलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संयम, साधना और आत्मकल्याण के संकल्प को पुनः दृढ़ करने का अवसर है। पिच्छिका परिवर्तन समारोह में श्रावक-श्राविकाएं साधु के संयम जीवन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं और उनके त्याग एवं तपस्या से प्रेरणा ग्रहण करते हैं।
पिच्छिका परिवर्तन केवल परंपरा नहीं: मुनिश्री उपशांतसागर जी
मुनि श्री 108 उपशांतसागर महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि पिच्छिका दिगम्बर जैन साधु की पहचान के साथ-साथ उनके आत्मसंयम और अहिंसक जीवन का महत्वपूर्ण उपकरण है। मोर पंखों से निर्मित यह पिच्छिका हमें बताती है कि अहिंसा का अर्थ केवल किसी जीव की हत्या नहीं करना ही नहीं है, बल्कि किसी भी जीव को मन, वचन और काय से कष्ट न पहुंचाना भी है। मुनिश्री ने कहा कि दिगम्बर जैन साधु के दो प्रमुख संयम उपकरण पिच्छी और कमंडल हैं। कमंडल जहां साधु की आवश्यक शुद्धि संबंधी क्रियाओं में उपयोगी होता है, वहीं पिच्छी जीवों की रक्षा और परिमार्जन का साधन है। साधु जब भी किसी स्थान पर बैठते हैं अथवा अपनी आवश्यक क्रिया करते हैं, तब पिच्छिका से उस स्थान का सावधानीपूर्वक परिमार्जन करते हैं। इसका उद्देश्य वहां मौजूद सूक्ष्म जीवों को हटाकर उनकी रक्षा करना है, ताकि अनजाने में भी उनके प्राणों को कष्ट न पहुंचे।
29 दिसंबर को होगा भव्य पिच्छिका परिवर्तन एवं सम्मान समारोह’
धर्म एवं साधना की मंगलमय परंपरा के अंतर्गत 29 दिसंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन एवं सम्मान समारोह दोपहर 1 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर संतों के पावन सान्निध्य में पिच्छिका परिवर्तन की धार्मिक परंपरा होगी। इस पावन अवसर पर सभी मुनिराज, साधु साध्वी श्रावक श्रेष्ठियों, साधर्मी बंधुओं से नवीन पिच्छिका ग्रहण करेंगे एवं अपनी पुरानी पिच्छिकाओं को संयमी श्रावकों अथवा अपने परम भक्तों को प्रदान करेंगे । समारोह में समाज, धर्म एवं वर्षायोग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साधर्मी बंधुओं का बहुमान किया जाएगा। यह आयोजन गुरु भक्ति, धर्मप्रभावना और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी अवसर बनेगा।




