सीकर। अद्भुत आत्मबल, अटूट श्रद्धा एवं संयम साधना की अनुपम मिसाल प्रस्तुत करते हुए 62 वर्षीय आर्यिका श्री निर्लेप मति माताजी के तप, त्याग, धर्मनिष्ठा एवं आत्मबल को कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धालुजन अनंत अनुमोदना कर रहे हैं। माताजी की दीक्षा पंचम पट्टाधीश आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज के करकमलों से हुई। माताजी ने सीकर में 31 अक्टूबर को क्षुल्लिका दीक्षा ग्रहण की और 10 नवंबर को आर्यिका दीक्षा ग्रहण की। आर्यिका दीक्षा ग्रहण करने के पश्चात माताजी ने निर्जल उपवास की तपस्या प्रारंभ की। 19 नवंबर को उनका नौवां निर्जल उपवास रहा है। यह तप साधना केवल शारीरिक सहनशक्ति का विषय नहीं, बल्कि आत्मबल, संयम, श्रद्धा और आध्यात्मिक दृढ़ता की एक प्रेरणादायी अभिव्यक्ति है। जीवन में लगभग 35 वर्षों तक माताजी ने कभी उपवास नहीं किया। स्वास्थ्य संबंधी अनेक कठिनाइयों, मधुमेह एवं रक्तचाप जैसी समस्याओं के बीच उनका जीवन भी गंभीर परिस्थितियों से गुजरा। किडनी एवं लीवर सहित अनेक शारीरिक व्याधियों के कारण एक समय उन्हें जीवन रक्षक चिकित्सा सहायता तक लेनी पड़ी। किंतु दीक्षा के बाद उनके भीतर जागृत हुई, संयम साधना की भावना और गुरु चरणों के प्रति अटूट श्रद्धा आजसभी के लिए आश्चर्य एवं अनुमोदना का विषय बनी हुई है।
माताजी की अटूट श्रद्धा, समर्पण एवं गुरु भक्ति भी वंदनीय
नौवां निर्जल उपवास अष्टकर्मों के क्षय की पावन भावना के साथ आत्मशुद्धि की ओर बढ़ता एक और कदम है। जैन दर्शन में तप का वास्तविक उद्देश्य शरीर को कष्ट देना नहीं, बल्कि आत्मा को कर्मों के बंधनों से मुक्त करने की भावना, कषायों पर विजय तथा आत्मकल्याण की साधना करना है। माताजी की यह साधना हमें संदेश देती है कि जीवन का सर्वाेच्च लक्ष्य भौतिक सुख-सुविधाएं नहीं, अपितु आत्मकल्याण, वैराग्य और मोक्षमार्ग की आराधना है। इस अद्भुत संयम यात्रा के पीछे दीक्षा गुरु आचार्य श्री 108 वर्धमान सागर जी महाराज के प्रति माताजी की अटूट श्रद्धा, समर्पण एवं गुरु भक्ति भी वंदनीय है। श्रद्धालुओं ने आर्यिका श्री 105 निर्लेप मति माताजी के चरणों में बारंबार नमोस्तु एवं नौवें निर्जल उपवास की अनंत-अनंत अनुमोदना की।




