उदयपुर। अंतरराष्ट्रीय संगठन फेडरेशन ऑफ हूमड़ जैन समाज के संस्थापक सदस्य एवं प्रथम कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष, देवेंद्र छापिया उदयपुर एक आकस्मिक दुर्घटना में जिनालय में ध्वजारोहण के बाद सीढ़ियों से उतरते समय फिसल गए। इस दौरान उन्हें गंभीर चोट आने के कारण उनका स्वर्गवास हो गया। देवेंद्र छापीया का संपूर्ण जीवन सकारात्मक सोच, सामाजिक समर्पण एवं संगठन के प्रति निष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उनके मार्गदर्शन में फेडरेशन ने वर्षों तक प्रगति की। उनसे जब भी चर्चा होती, वे सदैव उत्साहपूर्वक अपने विचार एवं मार्गदर्शन प्रदान करते थे। वृद्धावस्था में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता तथा समाज के उत्थान की चिंता प्रेरणादायी थी। उनका असमय चले जाना केवल छापिया परिवार की ही नहीं, अपितु संपूर्ण हूमड़ जैन समाज एवं फेडरेशन परिवार की अपूरणीय क्षति है। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और सकारात्मक दृष्टिकोण सदैव हमारी स्मृतियों में जीवित रहेगा।

’सम्राट महाबली सेनानी, इस पल को टाल सकेगा क्या?’

’अशरण मृत काया में, हर्षित नवजीवन डाल सकेगा क्या?’

जीवन की नश्वरता का यह प्रसंग हमें एक बार फिर स्मरण कराता है कि काल के सम्मुख कोई समर्थ नहीं। फेडरेशन परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परमेष्ठी भगवंतों से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को उत्तम गति एवं आत्मकल्याण का मार्ग प्राप्त हो तथा शोकाकुल छापिया परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल मिले। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन गांधी, महामंत्री महेंद्र बंडी, संस्थापक सदस्य अजीत कोठिया, भरत कोरावत, निरंजन जुआ, बसंतलाल सराफ, शांतिलाल सेठ, हंसमुख जैन गांधी, पवन जावरिया, डॉ.निधि सेठ, रमेश वर्गेरिया, वैभव गोवाडिया, शशि बंडी, सुरेंद्र चांपावत, वसंत दोशी, प्रवीण जैन सहित कई कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाजजनों ने छापिया को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।