कुण्डलपुर। सुप्रसिद्ध सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में बड़े बाबा भगवान आदिनाथ की भक्ति और आराधना के साथ श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिल रहा है। मुनि श्री समतासागर जी महाराज के गृहस्थ जीवन के पिताश्री नन्ही देवरी के सप्तम प्रतिमाधारी राजाराम सहित परिवारजनों ने माता स्व. चंद्ररानी बाई के समस्त सोने के आभूषणों से उनकी भावना अनुसार बड़े बाबा को छत्र समर्पित किया। मुनि श्री समता सागर जी महाराज ने कहा कि जैन दर्शन हमें सिखाता है कि किसी भी शुभ कार्य का प्रारंभ भले ही छोटा हो, लेकिन यदि उसे निरंतरता और समर्पण के साथ किया जाए तो वही छोटा प्रयास एक दिन विशाल वटवृक्ष का रूप धारण कर लेता है। खसखस के छोटे से दाने की तरह किया गया शुभ कार्य समय के साथ महान परिणाम देने वाला बन जाता है।
आचार्य श्री ने वर्ष 1976 में बड़े बाबा के दर्शन किए थे
राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्रीय प्रचारमंत्री जय कुमार जैन ‘जलज’ ने बताया मुनि श्री ने कहा कि बड़े बाबा किसी एक व्यक्ति या परिवार के नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व और प्राणीमात्र के हैं। देश-विदेश से श्रद्धालु उनके दर्शन और आराधना के लिए आते हैं। बड़े बाबा के चरणों में जो भी श्रद्धालु आता है, चाहे वह परिचित हो अथवा अपरिचित, वह उनका हो जाता है। उन्होंने आचार्य श्री के जीवन का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि आचार्य श्री ने वर्ष 1976 में पहली बार बड़े बाबा के दर्शन किए थे। प्रथम दर्शन में ही भगवान के प्रति ऐसा आकर्षण और समर्पण जागृत हुआ कि वे बड़े बाबा के होकर रह गए। आज वही गुरुवर आचार्य श्री छोटे बाबा के नाम से प्रसिद्ध हैं। बड़े बाबा और छोटे बाबा का यह संबंध श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है।
चांदी के छत्रों के साथ स्वर्ण छत्र अर्पित किया
मुनि श्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को भी इसी प्रकार समर्पित भाव से बड़े बाबा की भक्ति करनी चाहिए। भगवान की आराधना से अशुभ कर्मों का क्षय, शुभ भावों की वृद्धि तथा जीवन की बाधाओं को दूर करने का मार्ग प्रशस्त होता है। धर्म की आराधना मनुष्य को मोक्षमार्ग की ओर प्रेरित करती है। सच्ची भावना और निरंतर शुभ कार्य जीवन को सार्थक बनाते हैं। प्रवचन के पश्चात बड़े बाबा के अभिषेक एवं शांतिधारा के उपरांत भगवान को चांदी के छत्रों के साथ स्वर्ण छत्र अर्पित किया गया। यह स्वर्ण छत्र स्वर्गीय चंद्रानी बाई, मुनि श्री समता सागर महाराज के गृहस्थ जीवन की माताजी नन्ही देवरी निवासी की पवित्र भावना का प्रतीक है। उन्होंने अपने जीवन में धारण किए जाने वाले स्वर्ण आभूषणों को इस भावना से सुरक्षित रखा था कि एक दिन उनसे बड़े बाबा के चरणों में स्वर्ण छत्र बनवाकर अर्पित किया जाएगा। उनकी इस भावना को उनके परिवार ने साकार किया। सप्तम प्रतिमाधारी राजाराम ब्र. बबीता दीदी, शिमला दीदी सहित परिवार के सदस्यों ने आर्यिका संयममती माताजी एवं आर्यिका स्वभावमती माताजी की अनुमोदना और आशीर्वाद के साथ इस पुण्य कार्य में सहभागिता की तथा ब्र. धीरज भैया राहतगढ़ परिवारजन ब्र. अनीता दीदी कटनी,सुशीला बाई, सूरज भाई, शैलेश भैया, माया सुरेश जी परिजन गोल्डी सिंघई, आशीष कटनी आदि विभिन्न परिवारों के श्रद्धालुओं ने भी बड़े बाबा विधान में अपनी भावनापूर्वक सहभागिता निभाई।
उनकी अटूट आस्था का भावपूर्ण प्रतीक बना
मुनि श्री ने स्वर्ण छत्र अर्पण करने वाले परिवार की भावना की अनुमोदना करते हुए कहा कि छत्र आकार में भले ही छोटा हो सकता है, लेकिन उसके पीछे समर्पित भावना अत्यंत विशाल है। समस्त साधु-संघ, त्यागीवृतियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस पुण्य कार्य की अनुमोदना की। यह समर्पण स्व. माता जी चंद्रारानी की धर्म श्रद्धा और जिनेंद्र भगवान के प्रति उनकी अटूट आस्था का भावपूर्ण प्रतीक बना। उनकी इस पवित्र भावना को साकार करते हुए परिजनों ने अपनी श्रद्धा भक्ति अर्पित की।





