परतापुर। धर्मनगरी परतापुर में आयोजित भव्य सर्वतोभद्र महामंडल विधान का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में सानंद समापन हुआ। इस पावन अवसर पर पं. नमन भैया बा. ब्र. एवं अथर्व भैया के कुशल निर्देशन में हवन की समस्त धार्मिक क्रियाएँ विधि-विधानपूर्वक हुईं। विधान के समापन अवसर पर धर्म, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन का विशेष आकर्षण गुरु माँ के पावन मुखारविंद से मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ भव्य दाम्पत्य संस्कार रहा, जिसमें लगभग 200 दम्पत्तियों ने सहभागिता कर अपने वैवाहिक जीवन को धर्म, मर्यादा और संस्कारों के अनुरूप जीने का संकल्प लिया। इस अवसर पर गुरु माँ के पाद प्रक्षालन एवं जिनवाणी भेंट करने का परम सौभाग्य नीलेश एवं ममता भैयावत सपरिवार को प्राप्त हुआ। विधान के समापन पर श्री जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसी जुलूस में दीक्षार्थी कमला दीदी (हरदुआ) को आकर्षक बग्गी में विराजमान कर भव्य विनौली निकाली गई।
दाम्पत्य जीवन वासना नहीं, प्रभु उपासना का माध्यम
प्रवचन सभा को संबोधित करते हुए माताजी ने दाम्पत्य जीवन की वास्तविक परिभाषा समझाते हुए कहा कि विवाह केवल वासना का नाम नहीं, बल्कि प्रभु की उपासना का नाम है। विवाह मात्र सांसारिक सुख प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि धर्म और संस्कारों की स्थापना का माध्यम है। जो दम्पति सुयोग्य संतान को जन्म देकर उसे धर्म के मार्ग पर अग्रसर करते हैं तथा एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहयोगी बनते हैं, वही वास्तविक अर्थों में आदर्श दम्पति कहलाते हैं।
माताजी ने पद्मपुराण में वर्णित भगवान श्रीराम एवं माता सीता के आदर्श दाम्पत्य प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि माता सीता ने भगवान राम से सात वचन लिए थे, जिनमें परस्त्री सेवन से दूर रहना, वेश्यागमन न करना, जुआ-सट्टा न खेलना, न्यायपूर्वक धन अर्जित करना, धर्मकार्यों में बाधा न डालना, अनुचित दण्ड न देना तथा कभी परित्याग न करने जैसे संकल्प सम्मिलित थे।
माताजी ने कहा कि ऐसे आदर्श वचनों का पालन करने वाले दम्पति ही अपने जीवन को सुखी, संस्कारित और धर्ममय बना सकते हैं। जब जीवन से मर्यादाएँ समाप्त होने लगती हैं, तब परिवार की सुख-शांति भी प्रभावित होती है।
एक-दूसरे के पूरक बनकर निभाएँ दाम्पत्य जीवन
माताजी ने कहा कि दाम्पत्य जीवन को खुशहाल बनाने के लिए पति-पत्नी को एक-दूसरे का पूरक बनकर रहना चाहिए। जीवन केवल अधिकार जताने से नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझने, सहयोग करने और निभाने से सफल बनता है। उन्होंने जैन दर्शन की दृष्टि से त्याग, सहनशीलता और समर्पण के महत्व को समझाते हुए सती अंजना का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि पवनंजय की पत्नी अंजना ने 22 वर्षों तक पति की उपेक्षा और विरह को सहन किया, फिर भी अपने धैर्य और धर्म से विचलित नहीं हुईं।
200 दम्पत्तियों ने लिए पाँच मंगल संकल्प
प्रवचन के अंत में गुरु माँ ने उपस्थित समस्त दम्पत्तियों को पारिवारिक जीवन को धर्ममय बनाने हेतु विशेष संकल्प दिलाए। इनमें वर्ष में कम से कम एक बार तीर्थक्षेत्र एवं साधु-संतों के दर्शन करना, साधु-संतों के लिए चौका लगाना, जल्दबाजी में कोई निर्णय न लेना, सप्ताह में एक दिन पति-पत्नी दोनों का साथ में पूजन करना तथा कभी आत्महत्या जैसा अनुचित कदम नहीं उठाने का संकल्प प्रमुख रहा।
26 नवम्बर को गुरु माँ का भीलवाड़ा की ओर मंगल विहार
आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं को सूचित किया गया कि गुरु माँ का 26 नवम्बर 2026 को दोपहर 3:00 बजे परतापुर से भीलवाड़ा की ओर मंगल विहार होगा। सर्वतोभद्र महामंडल विधान का यह समापन केवल एक धार्मिक आयोजन का समापन नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों के जीवन में धर्म, संस्कार, समर्पण और आदर्श दाम्पत्य जीवन के नए संकल्पों का मंगल शुभारंभ बन गया। ये जानकारी अशोक पंचोरी ने दी।




