आज सोशल मीडिया पर संतों, पंथों, संस्थाओं और श्रावकों के विरुद्ध निंदात्मक संदेश समाज में कटुता बढ़ा रहे हैं। मतभेद स्वाभाविक हैं, किंतु उनका समाधान संयमित संवाद, विवेक और आत्मचिंतन में है—सार्वजनिक अपमान एवं विभाजन में नहीं।

आज व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नकारात्मक विचार तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। चिंता की बात यह है कि जैन धर्म के नाम पर बने समूहों में ही कभी संतों, कभी पंथों, कभी संस्थाओं और कभी श्रावकों के विरुद्ध निंदात्मक पोस्ट, टिप्पणियां और संदेश साझा किए जाते हैं।

हमें स्वयं से पूछना चाहिए—हम धर्म की प्रभावना कर रहे हैं या समाज में दूरी बढ़ा रहे हैं?

निंदा से नहीं, संयमित वाणी से बनेगा समाज

किसी की निंदा, अपमान या उपहास करने से न तो हमारी कषाय कम होती है और न किसी समस्या का समाधान निकलता है। इसके विपरीत, ऐसी सामग्री क्रोध, मान, माया और वैमनस्य को बढ़ाती है। एक व्यक्ति पोस्ट करता है, दूसरा प्रतिक्रिया देता है, तीसरा विरोध करता है और धीरे-धीरे यह क्रम समाज को विभाजन की ओर ले जाता है।

जैन दर्शन राग-द्वेष को कम करने और समता, क्षमा, विनय तथा मैत्री का भाव विकसित करने की प्रेरणा देता है। इसलिए मतभेद को मनभेद बनने से रोकना हम सबकी जिम्मेदारी है।

संस्थाएं विकास के लिए बनें, वर्चस्व के लिए नहीं

नई संस्थाओं और संगठनों का निर्माण गलत नहीं है। समाज, धर्म, शिक्षा, संस्कार, सेवा और संगठन के विकास के लिए संस्थाएं आवश्यक हैं। किंतु प्रत्येक संस्था को आत्मचिंतन करना चाहिए कि उसका उद्देश्य समाज को जोड़ना है या स्वयं का विस्तार करना।

यदि हम केवल दूसरे को छोटा दिखाने, विरोध करने या अपना वर्चस्व स्थापित करने में समय लगा रहे हैं, तो यह धर्मसेवा नहीं, अहंकार की सेवा बन सकती है। संस्थाओं की सार्थकता तभी है, जब वे समाज के हित में कार्य करें और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ें।

दूसरों की कमियां नहीं, अपना योगदान देखें

आज आवश्यकता इस बात की है कि हम यह देखने के बजाय कि कौन क्या कर रहा है, स्वयं से पूछें—

- मैं धर्म-प्रभावना में क्या योगदान दे सकता हूं?

- मैं समाज के किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए क्या कर सकता हूं?

- मैं बच्चों और युवाओं को धर्म-संस्कारों से कैसे जोड़ सकता हूं?

- मैं समाज की एकता के लिए कौन-सा सकारात्मक कार्य कर सकता हूं?

दूसरों की गलतियां खोजने में लगाया गया समय, यदि आत्मसुधार और सेवा में लगाया जाए, तो बड़ा परिवर्तन संभव है। हर व्यक्ति की परिस्थिति, सोच और कार्यशैली अलग होती है; इसलिए स्वयं अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करना सबसे श्रेष्ठ मार्ग है।

समता और क्षमा से मिलती है प्रेरणा

भगवान पार्श्वनाथ पर कमठ ने अनेक उपसर्ग किए, किंतु प्रभु ने समता और क्षमा का भाव नहीं छोड़ा। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी प्रतिशोध नहीं, आत्मकल्याण का मार्ग चुनना चाहिए।

जैन परंपरा के प्रेरक प्रसंग हमें यही संदेश देते हैं कि धर्म का मार्ग विवाद से नहीं, विवेक से; विरोध से नहीं, विनय से; और विभाजन से नहीं, समता एवं मैत्री से प्रशस्त होता है।

सोशल मीडिया बने सकारात्मक प्रभावना का मंच

सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है। इसका उपयोग जिनवाणी के प्रचार, संतों के सद्विचार, धार्मिक शिक्षा, सेवा-कार्य, संस्कार और समाज की प्रेरक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में होना चाहिए।

असहमति हो तो प्रमाण, मर्यादा और संवाद के साथ अपनी बात रखें। कटु भाषा, सार्वजनिक अपमान और निंदा को समाधान न मानें। किसी संदेश को साझा करने से पहले एक क्षण अवश्य सोचें—क्या इससे समाज जुड़ेगा या टूटेगा?

समाज से करबद्ध अपील

आइए, हम सब संकल्प लें—

- न किसी की निंदा करेंगे, न निंदा को आगे बढ़ाएंगे।

- न समाज को बांटेंगे, न धर्म के नाम पर द्वेष फैलाएंगे।

- हमारा चिंतन सकारात्मक होगा और वाणी संयमित होगी।

- हमारा कार्य समाज, संस्कार और धर्म के उत्थान के लिए होगा।

समाज को तोड़ने वाले अनेक मिल सकते हैं, किंतु समाज को जोड़ने वाला बनना ही सच्ची धर्म-प्रभावना है।

रेखा संजय जैन

संपादक, श्रीफल मीडिया समूह