सागर। जगतपूज्य मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के 44वें दीक्षा दिवस पर रामपुरा जैन मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और गुरु-वंदना से ओतप्रोत विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था।

अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन

बाल ब्रह्मचारी अजय भैया झापन वाले के मार्गदर्शन में भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-अर्चन विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के 44 वर्षों के संयम, त्याग, तप एवं अखंड धर्म-साधना का स्मरण करते हुए विनयांजलि अर्पित की।

भजन संध्या में उमड़ा भक्तिरस

सायंकाल मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या आयोजित हुई। सुमधुर भक्तिमय भजनों ने वातावरण को आध्यात्मिक और भावपूर्ण बना दिया। गुरु भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।

सामूहिक सहभागिता बनी आयोजन की विशेषता

रामपुरा क्षेत्र के विभिन्न परिवारों ने सामूहिक रूप से आयोजन में सहभागिता कर समारोह को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप दिया। समाजजनों ने मुनिश्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर धर्म प्रभावना की मंगलकामना की।

दिनभर चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से रामपुरा जैन मंदिर में त्याग, संयम और गुरु भक्ति का संदेश मुखरित हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : राजीव सिंघई