मुरैना। नवरात्रि के पावन अवसर पर जेएसी मुरैना जागृति द्वारा गरबा-डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। पारंपरिक परिधानों, संगीत की मधुर धुनों और गरबा की थाप के बीच महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर भारतीय संस्कृति के विविध रंग बिखेरे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन से हुआ। इस अवसर पर कन्याओं को उपहार स्वरूप सामग्री भेंट की गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण
उत्सव में श्रेयांशी जैन, दिव्या माहेश्वरी, अनेहा माहेश्वरी, सोनम जैन एवं साथी, भावना जैन, सपना बंसल, कंचन चावला तथा रागिनी बंसल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने पारंपरिक संगीत की धुनों पर गरबा और डांडिया का आनंद लिया।
जेएसी अध्यक्ष इति माहेश्वरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संरक्षण कर उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ महिला एकता और सामाजिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम का संयोजन भावना जैन एवं सोनम जैन ने किया, जबकि कंचन सिंह का विशेष सहयोग रहा।
लोहपीटा समुदाय की बस्ती में सेवा कार्य
नवरात्रि के अवसर पर जेएसी मुरैना जागृति की सदस्यों ने सांस्कृतिक आयोजन के साथ सेवा कार्य भी किया। संगठन की महिलाएं चंबल कॉलोनी स्थित लोहपीटा समुदाय की बस्ती में पहुंचीं, जहां बच्चों को आकर्षक उपहार एवं उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। महिलाओं ने बस्ती के लोगों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
संगठन की सदस्यों ने कहा कि वंचित वर्गों की चिंता करना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। जरूरतमंदों की सहायता और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का यह प्रयास सामाजिक सरोकारों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना





