मुरैना। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में 11 अक्टूबर को सरस्वती महाअर्चना एवं श्रुत स्कंध विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। एक दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान प्रातः 11:11 बजे प्रारंभ होगा।
मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक ने बताया कि समाधिस्थ गणाचार्य श्री 108 विरागसागर जी महाराज के प्रभावक एवं आज्ञानुवर्ती शिष्य उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज का वर्षायोग श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, आशियाना, लखनऊ में प्रभावनापूर्वक चल रहा है। इसी श्रृंखला में सरस्वती महाअर्चना समारोह आयोजित किया जा रहा है।
3101 इंद्र-इंद्राणियां करेंगी अर्घ्य समर्पण
आयोजकों के अनुसार विशेष परिधान में 3101 इंद्र-इंद्राणियां श्री जिनेन्द्र भगवान की भक्ति करते हुए विधि-विधानपूर्वक अर्घ्य समर्पित करेंगी। विधान में आहुति देने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष पोशाक, हार और मुकुट की व्यवस्था की गई है।
देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गुरु भक्तों और साधर्मी बंधुओं के लखनऊ पहुंचने की तैयारियां चल रही हैं। आयोजन समिति ने 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता की संभावना व्यक्त की है।
मुरैना से दो बसों में पहुंचेंगे 151 साधर्मी
मुरैना से यात्रा व्यवस्था के संयोजक पत्रकार मनोज जैन नायक ने बताया कि उपाध्यायश्री की प्रेरणा और आशीर्वाद से 151 साधर्मी बंधु दो बसों के माध्यम से लखनऊ पहुंचेंगे। सभी यात्रियों की बुकिंग पूर्ण हो चुकी है।
श्रद्धालुओं के लिए पूजन-वस्त्र तथा माता-बहनों के लिए साड़ी आदि की व्यवस्था भी की गई है। बस व्यवस्था के लिए धर्मेंद्र जैन एडवोकेट, अनूप भंडारी, सुनील जैन पुच्ची, नितिन जैन नायक, अक्षय जैन, अनिल जैन वरेह एवं प्रवीण जैन बड़े को विशेष दायित्व सौंपा गया है।
स्मृति उपवन में होगा आयोजन
सरस्वती महाअर्चना एवं श्रुत स्कंध विधान का आयोजन स्मृति उपवन, कांशीराम सांस्कृतिक स्थल, सेक्टर-एल, एलडीए कॉलोनी, आशियाना, लखनऊ में होगा। श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए आवास, भोजन, परिवहन एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आनंदमय पावन वर्षायोग समिति ने देशभर के गुरु भक्तों, साधर्मी बंधुओं एवं माता-बहनों से आयोजन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया है।
श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना





