सनावद। जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2553 वां मोक्ष कल्याणक पर्व सोमवार, 9 नवंबर को सनावद में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। जैन समाज के सन्मति जैन काका ने बताया कि प्रतिवर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या को जहां हिन्दू धर्मावलंबी दीपावली पर्व मनाते हैं, वहीं जैन धर्म में इस दिन भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण दिवस मनाया जाता है। भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कार्तिक अमावस के अंतिम प्रहर में हुआ था। उसी शाम को गौतम गणधर को केवलज्ञान की प्राप्ति हुई थी। उन्होंने बताया कि जैन समाज के सभी सर्वाेच्च साधु-संतों के आदेशानुसार सकल जैन समाज 9 नवंबर को प्रातः भगवान महावीर स्वामी का 2553 वां मोक्ष कल्याणक मनाएगा।
अभिषेक, शांतिधारा एवं सामूहिक पूजन होगा
प्रातः 5.30 बजे से श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं सामूहिक पूजन होगा। इसके पश्चात प्रातः 7.00 बजे पार्श्वनाथ जिनालय (बड़ा मंदिर जी) में निर्वाण लाडू अर्पण किया जाएगा। प्रातः 7.15 बजे सुपार्श्वनाथ मंदिर जी में तथा प्रातः 7.30 बजे आदिनाथ जिनालय (छोटे मंदिर जी) में निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। साथ ही श्रीमंदर जिनालय व महावीर जिनालय में भी निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा।
निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा
इसी क्रम में सनावद नगर के समीप पोदनपुरम में प्रातः 8 बजे एवं णमोकार धाम तीर्थ पर प्रातः 8.30 बजे निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। समाजजनों से समय पर सभी कार्यक्रमों में पधारकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।




