ललितपुर। पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अटामंदिर में विराजमान मुनि शिवसागर महाराज ने क्षमावाणी पर्व पर आयोजित धर्मसभा में कहा कि जीवन में क्षमा धारण करने वाला व्यक्ति महानता को प्राप्त करता है और उसके परिणाम निर्मल होते हैं।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने द्वारा किए गए गलत कार्यों पर विचार करे तथा उन्हें दोहराने से बचने का संकल्प ले, तो वर्तमान जीवन सुधरता है और भाव पवित्र बनते हैं। क्षमावाणी में नम्रता और मधुरता निहित है।

क्षमा को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग

दिगंबर जैन पंचायत समिति द्वारा आयोजित धर्मसभा में वक्ताओं ने क्षमावाणी को व्यवहार में उतारने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल जैन समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए उपयोगी है। इस अवसर पर क्षमावाणी पर्व को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग भी रखी गई।

वक्ताओं ने कहा कि परस्पर क्षमा याचना से मन की क्लेषता दूर होती है और निर्मलता के भाव जागृत होते हैं।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

धर्मसभा का शुभारंभ आचार्य श्री के चित्र के समक्ष जैन पंचायत अध्यक्ष डॉ. अक्षय टडैया एवं समर्पण संस्था अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंगलाचरण उपासना नजा और आराध्या जैन ने प्रस्तुत किया।

जैन पंचायत अध्यक्ष डॉ. अक्षय टडैया ने जैन दर्शन में क्षमावाणी पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि पर्युषण पर्व के दस दिनों में श्रावक आध्यात्मिक तत्त्वों की आराधना करते हुए अपने जीवन-मूल्यों का स्पर्श करते हैं और एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हैं।

विचार व्यक्त करने वाले वक्ता

धर्मसभा में नगरपालिका अध्यक्ष सोनाली जैन, अनिल जैन अंचल, सुनील जैन संचय, डॉ. नीलम सर्राफ, मनोज जैन सिंघई, अजय जैन गंगचारी, अनीता मोदी, गुणमाला जैन, उमा सिंघई तथा शादीलाल जैन एडवोकेट ने विचार व्यक्त किए। संचालन जैन पंचायत के महामंत्री आकाश जैन ने किया।

कार्यक्रम के पुण्यार्जक डॉ. राजकुमार जैन, नीलम जैन एवं नयन जैन परिवार को जैन पंचायत की ओर से सम्मानित किया गया।

अन्य जिनालयों में भी आयोजन

क्षमावाणी पर्व पर अभिनंदनोदय तीर्थ में प्रबंधक मोदी पंकज जैन और अशोक जैन वैलवारा, एम्ब्रोशिया कॉलोनी में वीणा जैन एवं अनूप जैन कैरु तथा आदिनाथ बड़ा मंदिर में आनंद जैन भावनगर एवं अजित जैन गदयाना के संयोजन में भी कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें धर्मालुजनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में सहभागिता

कार्यक्रम में शीलचंद अनौरा, महेंद्र जैन मयूर, सनत जैन खजुरिया, महेंद्र जैन मडवैया, अक्षय अलया, मनोज जैन रंगमहल, अंकित सतभैया, पुष्पेंद्र जैन और पारस मनया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। व्यवस्थाओं में मंदिर प्रबंधक मनोज जैन बबीना एवं अजय जैन गंगचारी का सहयोग रहा।

श्रीफल साथी : ललितपुर