झुमरी तिलैया। चातुर्मासरत पूज्य मुनि श्री 108 सुयशसागर जी महाराज का 17वां दीक्षा महोत्सव स्टेशन रोड स्थित बड़ा जैन मंदिर के भव्य पंडाल में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। देश के विभिन्न प्रदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
विश्व शांति धारा एवं दीक्षा महोत्सव पूजन
प्रातः विश्व शांति मंत्रों के साथ स्वर्ण झारी द्वारा भगवान की विश्व शांति धारा की गई। ब्रह्मचारी संजय भैया एवं पंडित अभिषेक जैन शास्त्री ने दीक्षा महोत्सव का पूजन-विधि पाठ संपन्न कराया।
दुर्ग, रायपुर, रायगढ़, बलौदाबाजार, जयपुर, कोलकाता, खूंटी, हजारीबाग एवं गया सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के चरणों में श्रीफल भेंट कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
पाद प्रक्षालन और जिनवाणी भेंट
गुरुदेव के भक्त चंद्रप्रकाश-लता जैन, हजारीबाग को मुनिश्री का पाद प्रक्षालन एवं जिनवाणी भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जैन समाज, महिला समाज, जैन बालिका समाज एवं जैन युवक समिति ने संगीतमय नृत्य के माध्यम से अष्टद्रव्य सहित गुरुदेव की पूजा-अर्चना की।
मंच संचालन आशा जैन गंगवाल एवं आशिका जैन कासलीवाल ने किया। भजन गायक सुबोध जैन गंगवाल ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। मंत्री नरेंद्र जैन झांझरी ने स्वागत भाषण दिया।
राग से वैराग्य की ओर बढ़ने का संदेश
दीक्षा महोत्सव पर मुनि श्री सुयशसागर जी महाराज ने कहा कि संसार असार है और राग से वैराग्य की ओर बढ़ना आत्मकल्याण का मार्ग है। उन्होंने गुरु को उपकारी बताते हुए कहा कि लक्ष्य निश्चित हो तो व्यक्ति सही मार्ग पर आगे बढ़ सकता है।
मुनिश्री ने जैन धर्म की दृष्टि से दीक्षा, सम्यग्दर्शन, ज्ञान एवं चारित्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन के प्रत्येक क्षण को धर्म, सेवा एवं आत्मकल्याण की भावना से जोड़ने का आह्वान किया।
रात्रि में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
मीडिया प्रभारी राजकुमार जैन अजमेरा एवं नवीन जैन ने बताया कि रात्रि में समाज के बच्चे मुनि श्री सुयशसागर जी के जीवन पर प्रकाश डालेंगे। इसके पश्चात णमोकार चालीसा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम में किशोर जैन पांड्या, सुशील जैन छाबड़ा, सुरेश जैन झांझरी, सहमंत्री राज जैन छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र जैन काला, सरोज जैन पापड़ीवाल, ललित जैन सेठी, प्रदीप जैन छाबड़ा, रौनक जैन कासलीवाल, सिद्धांत जैन सेठी, शैलेश जैन छाबड़ा, जोंटी जैन काला, लट्टू जैन छाबड़ा, मनीष जैन गंगवाल, ईशान जैन सेठी, कुणाल जैन ठोल्या, निवर्तमान पार्षद पिंकी जैन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : राजकुमार जैन अजमेरा




