जयपुर। मुनि संघ वैय्यावृत्ति महिला समूह, महारानी फार्म गायत्री नगर द्वारा आयोजित ‘मेरा काम मेरी पहचान’ प्रदर्शनी का रविवार, 12 अक्टूबर को आदिनाथ भवन, गायत्री नगर में शुभारंभ हुआ। राजेंद्र कुमार जैन गोदिया परिवार द्वारा उद्घाटन के पश्चात प्रदर्शनी का विधिवत आरंभ किया गया।

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल

संयोजक प्रमिला शाह ने बताया कि प्रदर्शनी महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अनूठी पहल के अंतर्गत आयोजित की गई है। यह प्रदर्शनी 12 एवं 13 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे तक खुली रहेगी।

प्रदर्शनी में लगभग 40 स्टॉल लगाए गए हैं, जिन पर विविध उपयोगी वस्तुएं एवं उत्पाद प्रदर्शित किए गए। समाजजनों ने स्टॉलों का अवलोकन कर आयोजकों की सराहना की और आवश्यक सामग्री की खरीदारी भी की।

गणमान्यजनों की रही उपस्थिति

उद्घाटन अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, उपाध्यक्ष विजय सोगानी, मंत्री राजेश वोहरा, पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता विमल कुमार जैन, श्रेष्ठी आलोक शाह सहित अनेक गणमान्यजन एवं सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।

उपस्थितजनों ने प्रदर्शनी को महिलाओं के हुनर, आत्मनिर्भरता और कार्यक्षमता को पहचान देने वाला सार्थक मंच बताया।

श्रीफल साथी : उदयभान जैन, जयपुर