इंदौर। जयपुर की पावन धरा पर आध्यात्मिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय रचा जाएगा। पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य एवं मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज के पावन करकमलों से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव होने जा रहा है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस महोत्सव में ब्र. अतिशय भैया, ब्र. विशाल भैया एवं ब्र. रोहित भैया जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करेंगे। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, अपितु त्याग, तपस्या और वैराग्य की दिव्य प्रेरणा का महापर्व होगा। कार्यक्रम की शुरुआत 6 दिसंबर को मुनि श्री 108 आदित्यसागर जी महाराज की भव्य अगवानी जयपुर होने जा रही है।
महोत्सव का कार्यक्रम इस तरह रहेगा
6 से 11 दिसंबर तक विभिन्न कॉलोनियों में मुनि आदित्य सागर जी संघ का मंगल प्रवास होगा। 12 दिसंबर को वीटी रोड ग्राउंड, मानसरोवर में भव्य मंगल प्रवेश होगा। 13 दिसंबर को मंगल प्रवचन एवं भक्तामर विधान होगा। 14 दिसंबर को दोपहर में दीक्षार्थी भाइयों का हल्दी-मेहंदी समारोह एवं सायंकाल भव्य विनौली महोत्सव होगा। 15 दिसंबर को आचार्य श्री गुरुदेव विशुद्ध सागर एवं मुनिश्री आदित्य सागर जी संसघ का मंगल मिलन समारोह, मंगल प्रवचन एवं गणधर वलय विधान होगा तथा सायं 7 बजे भव्य भक्ति संगीत ऋषभ संभव कॉन्सर्ट होगा। 16 दिसंबर को दोपहर 12.30 बजे से भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव होगा एवं 17 दिसंबर को महापारणा होगी।
सपरिवार पधारकर पुण्यार्जन करने की अपील
समारोह स्थल आरएचबी ग्राउंड, वीटी रोड, पैसिफिक मॉल के पीछे, मानसरोवर, जयपुर रहेगा। आयोजक आदित्य प्रेरणा मंच, जयपुर एवं दीक्षा महोत्सव समिति, जयपुर है। शिरोमणि संरक्षक अशोक चांदवाड़, मुख्य संयोजक सुनील पहाड़िया, संयोजक पवन-संजय छाबड़ा, अध्यक्ष दीक्षांत हाड़ा, महामंत्री अंकित चांदवाड़, कोषाध्यक्ष राहुल जैन हैं। निवेदक सकल दिगम्बर जैन समाज, जयपुर ने भारत वर्षीय जैन समाज एवं सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पधारकर पुण्यार्जन करने की विनम्र अपील की है।





