डोंगरगढ़/जयपुर। राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन रायपुर-2026 के उपरांत जैन पत्रकार महासंघ का यात्रा दल संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के समाधि स्थल, दिगंबर जैन चंद्रगिरि महातीर्थ क्षेत्र डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव पहुंचा। यात्रा दल का नेतृत्व महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, जयपुर ने किया।

राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य संयोजक प्रकाश मोदी, पारस चैनल भाटापारा एवं दैनिक विश्व परिवार के प्रधान संपादक प्रदीप जैन, रायपुर के संयोजन में यात्रा दल अग्रसेन धाम रायपुर से डोंगरगढ़ के लिए रवाना हुआ।

क्षेत्र समिति ने किया आत्मीय स्वागत

चंद्रगिरि डोंगरगढ़ पहुंचने पर क्षेत्राध्यक्ष सेठ किशोर जैन, महामंत्री निर्मल जैन एवं अन्य पदाधिकारियों ने पत्रकारों का स्वागत किया। महातीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष ने पत्रकारों को आचार्यश्री के प्रवास से जुड़े कक्ष, सभा स्थल, चर्या स्थल, संल्लेखना कक्ष एवं समाधि स्थल के दर्शन कराए।

यात्रा दल ने निर्माणाधीन पहाड़ी पर जैन मंदिर एवं समाधि स्थल का अवलोकन किया। पत्रकारों ने प्रतिभास्थली एवं गौशाला भी देखी।

अभिषेक, शांतिधारा और सामूहिक भक्ति

परम पूज्य आर्यिका श्री शैलमती माताजी एवं आर्यिका श्री उदारमती माताजी ससंघ के सान्निध्य में आचार्यश्री के चरणों का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात शांतिधारा, शांति विधान के अर्घ्य समर्पण, आचार्यश्री की पूजन एवं सामूहिक भक्ति का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेंद्र जैन महावीर, सनावद ने निर्देशन किया।

“यह सदी आचार्यश्री के नाम से जानी जाएगी”

सम्मान सभा में राजेंद्र जैन महावीर ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के राष्ट्रीय स्तर पर किए गए कार्यों एवं प्रेरक संस्मरणों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आचार्यश्री ने अहिंसा, शांति, भारतीयता, शिक्षा, हथकरघा एवं गौसंरक्षण जैसे विषयों पर समाज को सतत प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि यह सदी आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के नाम से जानी जाएगी।

राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने आचार्यश्री के विचारों एवं कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने ट्रस्ट समिति से चंद्रगिरि डोंगरगढ़ में देशभर के जैन पत्रकारों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने का आग्रह भी किया।

पत्रकारों ने लिया संस्कृति संरक्षण का संकल्प

ट्रस्ट समिति ने उपस्थित सभी पत्रकारों का प्रतीकचिह्न, माला एवं तिलक लगाकर सम्मान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया ने कहा कि जैन पत्रकार महासंघ राष्ट्रीय स्तर पर जैन संस्कृति के संरक्षण और पत्रकारों के हित में कार्य कर रहा है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे आचार्यश्री के उपकारों एवं जैन संस्कृति संरक्षण के लिए अपनी कलम का सदुपयोग करें।

यात्रा दल में रमेश जैन तिजारिया, राजेंद्र जैन महावीर, उदयभान जैन, महेंद्र बैराठी, सुरेंद्र प्रकाश जैन, सुरेंद्र जैन बड़जात्या, मनोज जैन सोगानी, राजेंद्र जैन सागर, डॉ. कल्पना जैन नोएडा, भरत सेठ घुवारा, श्रेयांश कुमार जैन, तपेश जैन रायपुर, डॉ. मनीष जैन उदयपुर, जीवनलाल जैन नागदा, राजकुमार जैन, रोहित जैन पथरिया, जैनेंद्र जैन सिंघई, नीरज वैद्यराज सागर एवं सुधीर जैन विद्यार्थी दमोह सहित अनेक पत्रकार शामिल रहे।

अंत में ट्रस्ट के महामंत्री निर्मल जैन ने सभी पत्रकारों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्रीफल साथी : उदयभान जैन, जयपुर