इंदौर। तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर में चातुर्मासरत तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापकाचार्य मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ससंघ के दर्शन के लिए मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पहुंचे। उन्होंने श्रद्धा और विनयभाव के साथ श्रीफल समर्पित कर गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्रद्धा के साथ किया पादप्रक्षालन

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि उमंग सिंघार ने मुनिश्री के चरणों में श्रीफल अर्पित कर पादप्रक्षालन किया। इस अवसर पर अनुरोध जैन, आनंद कासलीवाल, संजय बाकलीवाल, सुनील गोधा, आनंद गोधा और धर्मेंद्र जैन सिनकेम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

जनसेवा में धर्म, सत्य और सेवा की प्रेरणा

गुरुदेव के दर्शन के बाद सिंघार ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और आपसी सद्भाव के लिए मंगल आशीर्वाद लिया। मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने उन्हें धर्म, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलते हुए जनसेवा करने की प्रेरणा दी।

मुनिश्री ने कहा कि राजनीति यदि सेवा-भाव और निर्मल दृष्टि से की जाए तो वह भी धर्म का एक रूप बन जाती है। सच्चा जनसेवक वही है जो पद से नहीं, सेवा से बड़ा बने।

धर्म प्रभावना समिति के पदाधिकारियों, समाज के प्रमुखजनों और श्रद्धालुओं ने नेता प्रतिपक्ष के श्रद्धापूर्ण आगमन की सराहना की।

श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर