इंदौर, 6 अक्टूबर। मल्हारगंज स्थित बीसपंथी मंदिर में चातुर्मास साधना कर रहे श्रमण संस्कृति के महामहिम पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महामुनिराज के शिष्य मुनि श्री 108 साध्यसागर जी महाराज का नवां दीक्षा दिवस मोदी जी की नसिया प्रांगण में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम आचार्य श्री 108 विप्रणतसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। संघस्थ क्षुल्लक श्री 108 विनयनंदी जी महाराज की उपस्थिति भी रही।
पाद प्रक्षालन और पूजन से हुआ शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण, शास्त्र भेंट एवं विभिन्न धार्मिक क्रियाओं के साथ हुआ। गुरुदेव के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य सुशील-सुषमा पांड्या परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर आचार्य श्री विशुद्धसागर जी महाराज की पूजन-भक्ति की गई तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने आचार्यश्री एवं मुनिश्री को अर्घ्य समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
“संत के दो जन्म होते हैं”
मुनि श्री साध्यसागर जी महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि संत के दो जन्म होते हैं—पहला जन्म मां देती हैं और दूसरा जन्म गुरु देते हैं। मां मनुष्य को संसार में जन्म देती हैं, जबकि गुरु धर्म और ज्ञान के माध्यम से जीवन की वास्तविक दिशा तथा मोक्षमार्ग का बोध कराते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु के सान्निध्य में आत्मकल्याण और धर्मसाधना की प्रेरणा मिलती है। मनुष्य को अपने जीवन को धर्म के अनुरूप बनाकर आत्मा के कल्याण की दिशा में अग्रसर होना चाहिए।
तप, संयम और साधना की अनुमोदना
आचार्य श्री विप्रणतसागर जी महाराज ने मुनि श्री साध्यसागर जी महाराज के संयम, साधना एवं तपोमय जीवन की अनुमोदना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति सहित अनेक गणमान्यजन एवं समाजश्रेष्ठी उपस्थित रहे। उज्जैन, भोपाल सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन पं. अर्पित जैन ने किया। धर्मेंद्र पाटनी एवं राजेश पांड्या ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एम.के. जैन, सुशील पांड्या, प्रतिपाल टोंग्या, राजेंद्र सोनी, प्रदीप बड़जात्या, कमल सेठी, मुख्य कलश के पुण्यार्जक श्रीपाल टोंग्या, धनपाल टोंग्या, पार्षद राजीव जैन, डी.के. जैन, डीएसपी संजय पाटोदी, कैलाश वेद, विजयपाल टोंग्या, पूर्व पार्षद जयदीप जैन, मनोज काला एवं रामा शाह मंदिर पंच लश्करी गोठ के नवनिर्वाचित सदस्य सहित सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर





