इंदौर। जैन मंदिरों में चोरी और प्रतिमाओं की बेअदबी से जुड़ी घटनाओं के विरोध में सकल जैन समाज, इंदौर एवं राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को रीगल चौराहा पर विशाल शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शन सुबह 8:45 बजे से होगा। इसमें शहर के जैन मंदिरों, सामाजिक संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों और पाठशाला परिवारों से सहभागिता का आह्वान किया गया है।
मंदिर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
सकल जैन समाज के प्रवक्ता राजेश जैन दद्दू एवं राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ के मयंक जैन ने बताया कि समाज मंदिरों एवं धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।
इंदौर में हाल में जैन मंदिरों से चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। मांगलिया स्थित ऋषि तीर्थ जैन मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु प्रतिमाओं की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी भी प्रकाशित हुई है। द्वारकापुरी स्थित श्री शीतलनाथ जैन मंदिर में दानपेटी एवं अन्य सामग्री की चोरी की घटना भी सामने आई है।
एकजुटता के साथ शांतिपूर्ण सहभागिता का आग्रह
आयोजकों ने समाजबंधुओं से आग्रह किया कि वे परिवार सहित शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से उपस्थित होकर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करें। प्रदर्शन का उद्देश्य प्रशासन का ध्यान मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था और घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की ओर आकर्षित करना है।
श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर





