इंदौर। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जबरी बाग नसिया जी में दशलक्षण महापर्व के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भक्तिभाव से आयोजित किए जा रहे हैं। समाजजन उत्साहपूर्वक प्रभु आराधना कर पर्व की धर्मभावना को जीवन में उतार रहे हैं।
आरती और भजनों से गूंजा मंदिर परिसर
संध्या दीदी एवं उनके संगीतकारों ने आरती और भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता कर प्रभु की आराधना की। नसिया जी के जीर्णोद्धार से जुड़े संत ऐलक श्री निशंकसागरजी महाराज की विशेष आरती अर्पित जैन गोलू भैय्या ने की।
बच्चों ने दिए प्रेरक संदेश
शास्त्र प्रवचन के पश्चात बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित हुई। नन्हे बच्चों ने आर्यिका माताजी एवं मुनिराज की चर्या को प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत किया। साथ ही पर्यावरण, प्रकृति और महापुरुषों के जीवन-मूल्यों पर भी संदेश दिए।
एक बालिका ने शहर में यातायात नियमों का पालन करने और सिग्नल पर रुकने का जागरूकता संदेश देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम ने धार्मिक संस्कारों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर संदेश दिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार जैन, प्रकाशचंद्र शास्त्री, वरिष्ठ अधिवक्ता वीर कुमार जैन, महेंद्र कुमार जैन एवं महिला मंडल से भारती जैन उपस्थित रहीं। संचालन इशिका जैन, उज्ज्वल जैन काजू एवं आकाश जैन की टीम ने किया। सचिन जैन, दीपक जैन, विशाल जैन एवं राजेश जैन ने संयुक्त रूप से आभार व्यक्त किया।
श्रीफल साथी : हरिहर भैय्या, इंदौर




