मुरैना/गोलाकोट। अखिल भारतीय जैसवाल जैन उपरोचियां समाज की सेवाभावी संस्था अखिल भारतीय जैसवाल जैन उपरोचियां सेवा न्यास का दो दिवसीय पारिवारिक मिलन समारोह गोलाकोट में धार्मिक आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता के वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में सामूहिक अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, भक्तामर विधान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और साधारण सभा आयोजित हुई।

बड़े बाबा के चरणों में अभिषेक-पूजन

समारोह का शुभारंभ मंगलाचरण, चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रथम दिन न्यासियों ने सामूहिक रूप से बड़े बाबा भगवान आदिनाथ का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन किया। सायंकाल पारिवारिक मिलन एवं साधारण सभा में संस्था की गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पर्युषण पर्व के दौरान उत्कृष्ट संयम-साधना एवं व्रतों का पालन करने वाले श्रावक-श्रेष्ठियों का बहुमान किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

भक्तामर विधान में परिवारों ने लिया भाग

दूसरे दिन प्रातः सभी न्यासी परिवारों ने सामूहिक श्री भक्तामर विधान में सहभागिता की। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, पारिवारिक संस्कार और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया गया।

फरवरी 2027 में होगी सामूहिक तीर्थयात्रा

तीर्थयात्रा संयोजक सुरेश जैन द्वारका ने फरवरी 2027 में न्यास सदस्यों की सपरिवार सामूहिक तीर्थयात्रा आयोजित करने की घोषणा की। यात्रा की विस्तृत रूपरेखा शीघ्र साझा की जाएगी। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक दर्शन के साथ परिवारों में आपसी मेल-मिलाप एवं संगठनात्मक एकता को मजबूत करना है।

प्रतिभा सम्मान के लिए संयोजक मनोनीत

अम्बाह में आगामी 27 दिसंबर को प्रस्तावित प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए अम्बाह नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष जिनेश जैन को मुख्य संयोजक तथा विमल जैन राजू एवं संजीव जैन संजू को संयोजक मनोनीत किया गया।

संस्था के निवर्तमान महामंत्री एवं वर्तमान कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम ने नवमनोनीत महामंत्री रविंद्र जैन जमूसर, भोपाल एवं रूपेश जैन, दिल्ली को कार्यभार सौंपा।

देशभर से जुटे न्यासी परिवार

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अम्बाह नगर पालिका अध्यक्ष अंजली जिनेश जैन उपस्थित रहीं। अध्यक्ष प्रदीप जैन पीएनसी, आगरा, कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम, महामंत्री रविंद्र जैन जमूसर, रूपेश जैन, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र जैन तथा विभिन्न शहरों से आए न्यासी परिवारों ने सहभागिता की।

वात्सल्य समूह, शिवपुरी की ओर से पवन जैन पीएस एवं अजय जैन ने आगंतुकों का बहुमान किया। सभा के समापन पर स्मृतिशेष अशोक जैन एडवोकेट, अम्बाह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना