कुण्डलपुर, दमोह (म.प्र.)। भगवान श्री नेमिनाथ की मोक्षस्थली गिरनारजी, गुजरात से साइकिल यात्रा कर चंदा बाबा साइकिल ग्रुप के करीब दो दर्जन युवा कुण्डलपुर स्थित बड़े बाबा भगवान आदिनाथ के चरणों में पहुंचे। यात्रियों ने बड़े बाबा के दर्शन, अभिषेक एवं पूजन का लाभ लिया तथा निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ससंघ का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
28 सितंबर को गिरनारजी से हुई थी शुरुआत
महाराष्ट्र के कोल्हापुर एवं सांगली जिले के ये युवा साइकिल यात्री रमन्ना भास्कर के साथ 28 सितंबर 2026 को गिरनारजी से रवाना हुए थे। प्रतिदिन लगभग 150 किलोमीटर साइकिल चलकर वे 5 अक्टूबर को आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की तपस्थली तथा श्रीधर स्वामी की निर्वाणस्थली कुण्डलपुर पहुंचे।
यात्रियों ने लगभग 1240 किलोमीटर की दूरी तय कर तीर्थभक्ति, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया।
लक्ष्य सम्मेदशिखरजी पहुंचना
यात्रा दल का लक्ष्य 11 अक्टूबर को तीर्थंकरों की पावन निर्वाणभूमि सम्मेदशिखरजी पहुंचना है। यात्रियों के अनुसार वे 14 दिनों में लगभग 2100 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
श्रीफल साथी : कुण्डलपुर




