भिंड। नगर की धर्मभूमि पर 22 नवंबर को जैनेश्वरी दीक्षा महामहोत्सव को लेकर भक्ति का माहौल है। श्रद्धा के साथ पांच ब्रह्मचारी बहनों की जब विनौली यात्रा निकाली गई तो पूरा नगर भाव विभोर हो गया। इस नगर को यह गौरव मिलने जा रहा है। इसको लेकर अति अलौकिक माहौल बना हुआ है। जैनेश्वरी श्रमणी, आर्यिका दीक्षा महामहोत्सव का यह आयोजन श्री सिद्ध क्षेत्र सोनागिर जी में होगा। इस अवसर पर नगर में विनौली यात्रा निकाली गई और मंगल गोद भराई समारोह भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। इसमें समाजजनों की उपस्थिति रही।
आर्यिका विजिज्ञासा श्री माताजी के सानिध्य में हुई गोद भराई
विगत गुरुवार को यहां विराजमान मुनि श्री विनय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से सायं 6 बजे आर्यिका विजिज्ञासा श्री माताजी के सानिध्य में चैत्यालय मंदिर में प्रथम गोद भराई का कार्यक्रम हुआ एवं सायं 7 बजे नगर में भव्य विनौली यात्रा का शुभारंभ महावीर गंज स्थित चंद्रप्रभु जैन मंदिर से हुआ। यह यात्रा गोल मार्केट एवं सदर बाजार से होते हुए चैत्यालय मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजनकर्ता गुरुसेवा परिवार एवं स्वागतकर्ता विमर्श जागृति मंच, जिनागमपंथी जैन मित्र मंडल, श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला महासभा सहित अन्य संस्थाओं के सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इन ब्रह्मचारी बहनों को दिए जाएंगे दीक्षा संस्कार
पत्रकार सोनल जैन ने बताया कि आचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज के मंगल आशीर्वाद एवं पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी के आशीष से परम प्रभावक शिष्या गणिनी आर्यिका श्री 105 विशाश्री माता जी के हस्त कमलों से 22 नवंबर को सोनागिर जी सिद्ध क्षेत्र पर पांच ब्रह्मचारिणी बहनें ब्रह्मचारी प्रखरश्री दीदी बीए एलएलबी, एलएलएम (बैतूल), ब्रह्मचारी बहन रंगोली दीदी बीकॉम सीए (दिल्ली), ब्रह्मचारी बहन सोनम दीदी एमए फाइन आर्ट, स्टेनोग्राफी (प), ब्रह्मचारी बहन चेतना दीदी (मेहगांव) एवं भिंड नगर गौरव ब्रह्मचारी गिरिजा दीदी को जैनेश्वरी दीक्षा संस्कार प्रदान किए जाएंगे।




