डडूका। दिगंबर जैन समाज डडूका, जैन युवा समिति डडूका एवं प्रभावना महिला मंडल डडूका की ओर से पर्युषण महापर्व का तीसरा दिन उत्तम आर्जव धर्म के रूप में पारंपरिक श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं ने मन, वचन और काय में सरलता तथा निष्कपटता अपनाने की भावना व्यक्त की।

पार्श्वनाथ भगवान का किया जलाभिषेक

प्रातः मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक का पुण्यार्जन रेखा देवी, धनपाल सेठ, हेतवी, चारोली, धवल सेठ, अंजली एवं राहुल सेठ परिवार को प्राप्त हुआ।

समाज प्रवक्ता राकेश शाह ने बताया कि इसी परिवार को विधान स्थल पर विराजित भगवान आदिनाथ के अभिषेक का सौभाग्य भी मिला।

पंच परमेष्ठी से दशलक्षण तक हुई पूजा

पंडित मयंक शास्त्री के निर्देशन एवं राजेंद्र कोठिया के संयोजन में श्रद्धालुओं ने पंच परमेष्ठी पूजा, चौबीस तीर्थंकर पूजा, पंचमेरु पूजा, सोलहकारण पूजा एवं दशलक्षण पर्व पूजा की।

धार्मिक अनुष्ठानों के अंत में प्राणीमात्र के कल्याण की मंगल भावना के साथ शांतिपाठ किया गया। संगीत की स्वर लहरियों के बीच महिलाओं ने भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत कर धार्मिक वातावरण को और उल्लासपूर्ण बनाया।

‘जिनवर एक मिनट’ में दिखा उत्साह

इससे पूर्व रात्रि में जैन युवा समिति डडूका के सौजन्य से धवल सेठ एवं चारोली सेठ के संयोजन में ‘जिनवर एक मिनट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को जैन युवा समिति की ओर से पुरस्कृत किया गया।

पांच-पांच उपवास की साधना की ओर बढ़ रहे श्रद्धालु

समाज की ओर से सिद्धार्थ गांधी, चारोली सेठ, मीनल गांधी, हेतवी, मानवी, माही एवं मिष्ठी के पांच-पांच उपवास की साधना की ओर अग्रसर होने पर उनके तीसरे उपवास के अवसर पर मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।

आयोजन में अजीत कोठिया, रितेश शाह, धनपाल शाह, चिराग जैन, समाज अध्यक्ष राजेश शाह, राजमल शाह, अनिल कोठिया, दिनेश शाह, मयंक शास्त्री सागर, मनोज शाह, अशोक एम. शाह, विजयचंद सेठ, सुधीर सेठ एवं धनपाल सेठ सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आज मनेगा पुष्पदंत भगवान का मोक्ष कल्याणक

पर्युषण महापर्व के क्रम में आज नवम तीर्थंकर भगवान पुष्पदंत का मोक्ष कल्याणक श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष धार्मिक आराधना एवं मोक्ष कल्याणक से जुड़े अनुष्ठान होंगे।