डडूका। दिगंबर जैन पाठशाला द्वारा शरद पूर्णिमा के अवसर पर समाधिस्थ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की पुण्यस्मृति तथा गणिनी प्रमुख आर्यिका श्री ज्ञानमती माताजी के अवतरण दिवस पर पारंपरिक श्रद्धा एवं भक्तिभाव से विशेष आयोजन किया गया।

बच्चों ने की विविध पूजन

पाठशाला प्रेरक अजीत कोठिया के निर्देशन में बच्चों ने पाठशाला परिसर में नवदेवता पूजा, रविव्रत पूजा, आचार्य श्री विद्यासागर पूजा एवं गणिनी आर्यिका श्री ज्ञानमती माताजी की पूजा की। बच्चों ने दोनों संतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए विनयांजलि अर्पित की।

इससे पूर्व बच्चों ने सामूहिक रूप से मूलनायक पार्श्वनाथ भगवान का जलाभिषेक किया तथा आचार्य विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य समयसागर जी महाराज के प्रति अर्घ्य समर्पित किए।

जीवन पर पत्रवाचन और काव्यपाठ

कार्यक्रम में सृष्टि जैन एवं चर्या जैन ने गणिनी आर्यिका श्री ज्ञानमती माताजी के जीवन पर पत्रवाचन और काव्यपाठ किया। रियल जैन, हर्षल एवं दिव्य जैन ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जीवन और प्रेरक कार्यों पर काव्यपाठ प्रस्तुत किया।

दीपावली-नववर्ष पर मिलेगा पुरस्कार

अजीत कोठिया ने बताया कि आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी बच्चों को दीपावली एवं नववर्ष के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। रात्रि में आयोजित भक्तामर दीप अर्चना में भी पाठशाला के बच्चों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का संचालन अजीत कोठिया ने किया। मनोज एस. शाह एवं धनपाल शाह ने आभार व्यक्त किया।

श्रीफल साथी : अजीत कोठिया, डडूका