जयपुर। निर्माण नगर स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टान्हिका पर्व के पावन अवसर पर आयोजित श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को विश्व शांति महायज्ञ एवं भगवान आदिनाथ की भव्य शोभायात्रा के साथ श्रद्धा और भक्तिभावपूर्वक समापन हुआ। गणिनी आर्यिका 105 विभाश्री माताजी एवं आर्यिका 105 विनयश्री माताजी के ससंघ सानिध्य तथा पंडित स्वतंत्र भैया भोपाल के निर्देशन में इस विधान में श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। मंगलवार को विधान के अंतर्गत भगवान आदिनाथ के 1008 नामों की जिनसहस्रनाम धारा हुई। इसके बाद शांतिधारा करने का सौभाग्य पदमचंद-राजरानी, पंकज ऋद्धि एवं नीरज डॉ. अंतिमा गगवाल, मीठड़ी वालों को प्राप्त हुआ। चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट एवं आरती का सौभाग्य सौधर्म इंद्र लीला देवी, मुकेश कुमार एवं अंजू नागेश्वरिया परिवार को प्राप्त हुआ।
1024 जिनसहस्रनाम अर्घ्य समर्पित किए
विधान में देव-शास्त्र-गुरु पूजन, नवदेवता पूजन एवं नंदीश्वर द्वीप पूजन के पश्चात आर्यिका 105 विनयश्री माताजी के सानिध्य में सिद्धों के 1024 जिनसहस्रनाम अर्घ्य समर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक पूजन-अर्चन कर अर्घ्य चढ़ाए और धर्मलाभ प्राप्त किया। इसके पश्चात विश्व शांति, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगल भावना के साथ विश्व शांति महायज्ञ संपन्न हुआ।
भगवान आदिनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली
इस अवसर पर आर्यिका विभाश्री माताजी ने अपने मंगलमय प्रवचन में कहा कि प्रेम और वात्सल्य के माध्यम से परिवार, समाज, नगर और राष्ट्र को एकजुट किया जा सकता है। आपसी प्रेम, सद्भाव एवं सहयोग ही समाज की वास्तविक शक्ति है। महायज्ञ के बाद देवादिदेव श्री 1008 भगवान आदिनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें श्रावक-श्राविकाओं ने श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ भाग लिया। इससे पूर्व संध्या पर अष्टान्हिका पर्व के दौरान निराहार आठ दिवसीय उपवास की साधना कर रहे नरेश कुमार एवं मंजू देवी झाझरी तथा इंद्रा देवी, धर्मपत्नी कांतिचंद अजमेरा का सकल समाज की ओर से तिलक एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। मंदिर कमेटी ने विधान के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, धर्मप्रेमियों एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए साधुवाद दिया।




