इंदौर। दीपावली के पावन अवसर पर सेवा और मानवता की भावना को साकार करते हुए संगठन एवं महिला संगठन, दंपति संगठन तथा नव युगल युवा संगठन द्वारा सेवा अभियान के अंतर्गत मूक बधिर एवं दृष्टिबाधित विद्यालय ‘सेवा मंदिर’, इंदौर में सेवा कार्यक्रम रखा गया। राष्ट्रीय खंडेलवाल (सरावगी) दिगंबर जैन संगठन की मीडिया एवं जनसंपर्क प्रमुख रुचि चोविश्या जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में विद्यालय के 35 बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए कंफर्टर (दोहड़) भेंट किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर आई खुशी ने उपस्थित सदस्यों को भावुक कर दिया। सभी ने इस सेवा कार्य को आत्मिक संतोष और सौभाग्य का अवसर बताया। यह सेवा अभियान 96 सहयोगी परिवारों के आर्थिक सहयोग, उदारता और सेवा भावना से सफल हुआ। दीपावली के अवसर पर चारों संगठनों द्वारा विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं जरूरतमंदों तक भोजन, उपहार और आवश्यक सामग्री पहुंचाने का प्रयास किया गया।

बच्चों को मिली खुशियां अपार...

आयोजन के पीछे संगठन की भावना रही कि दीपावली सिर्फ हमारी नहीं, वरन हमारे साथ अन्य परिवारों की भी हो। इसी सोच के साथ समाज के परिवारों ने मिलकर जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियों और अपनत्व का उजाला पहुंचाया। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक संदीप शीतल पहाड़िया एवं अध्यक्ष ज्योति संजय सेठी ने सभी 96 सहयोगी परिवारों, समाजजनों तथा प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजकुमार पाटनी, मोनिका अजमेरा, झील सेठी, नमिता कासलीवाल एवं श्वेता काला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से ही ऐसे सेवा कार्य संभव हो पाते हैं। संगठन भविष्य में भी सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। इस सेवा अभियान ने दीपावली पर सेवा, सहयोग और खुशियां बांटने का संदेश दिया।