इंदौर। विश्व धरोहर सप्ताह हर वर्ष आता है, हम मनाते हैं। जागरूकता पर हर जगह कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं, परन्तु कहीं कहीं बगैर सप्ताह मनाएं संतों के आशीर्वाद से कुछ ऐसे कार्य को अंजाम दे दिया जाता है वह एक मिसाल बन जाता है। हम सभी के लिए अनुकरणीय बन जाता है। निर्ग्रन्थ आर्केलाजी सर्वे आफ इंडिया इंदौर के पुरातत्व संयोजक एवं वर्द्धमानपुर शोध संस्थान के ओम पाटोदी ने बताया कि हाल ही में सवाईमाधोपुर के आदिनाथ अतिशय क्षेत्र चमत्कार जी के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ तब रविवार को सर्वासिद्धि नवयुवक मंडल रणथंभौर के सदस्य पंडित अनिल जैन, मुकेश जैन, ज्ञानचंद जैन, सुरेंद्र जैन, सुनील जैन आदि सदस्यों के साथ रणथंभौर दुर्ग में अवस्थित अतिप्राचीन श्री संभवनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के दर्शन पूजन अभिषेक का लाभ प्राप्त हुआ। यह मंदिर सवाई माधोपुर स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर रणथंभौर किले के परिसर में है।
बारी-बारी से जाते हैं ऐतिहासिक धरोहर पर
नवयुवक मंडल में लगभग 125-150 सक्रिय सदस्य हैं, जो वर्ष भर प्रतिदिन बारी-बारी से प्रातः कालीन बेला में सवाईमाधोपुर से यहां किला मंदिर में आकर पूजा अर्चना करते हैं। यह क्रम मुनिश्री सुधा सागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से वर्ष 2009 से अनवरत जारी है।
विलुप्त प्रायः धरोहर को जीवंत कर दिया
रणथंभौर क़िले में अवस्थित एक ऐतिहासिक धरोहर जो वर्षों से जीर्णाेद्धार का रास्ता देख रही थी। जहां जैन धर्म के तीसरे तीर्थंकर भगवान श्री संभवनाथ स्वामी को समर्पित एक अतिप्राचीन जिन मंदिर था, जो काल के थपेड़ो को झेलते हुए विस्मृत होने की कगार पर पहुंच रहा था। वर्ष में सिर्फ एक दिन वार्षिक मेले के समय समाजजन का आना होता था। वर्ष 2009 में युगदृष्टा आचार्य श्री विद्यासागर जी के शिष्य मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज का प्रवास सवाईमाधोपुर में हुआ। उन्होंने इस धरोहर का कायाकल्प ही कर दिया। जहां एक ओर पूरी तरह से विलुप्त हो रही इस ऐतिहासिक धरोहर हजारों वर्षों के लिए पुनः जीवंत हो उठी। पुनि पुंगव के आशीर्वाद से उन्होंने दुर्ग में अवस्थित इस मंदिर का जीर्णाेद्धार करवाया और समाज के लोगों को ही जिम्मेदारी सौंपी की प्रतिदिन बारी-बारी से दुर्ग वाले मंदिर अभिषेक पूजन के लिए जाएं। उनके द्वारा छेड़ा गया यह अभियान 17 वर्षों से अनवरत जारी है। जो हम सभी पुरातत्व प्रेमियों के लिए एक मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
पूर्व में प्रतिमा हुई थी चोरी हुई
प्राचीन मंदिर में तीन प्राचीन प्रतिमाएं विराजमान थी, मूलनायक श्री संभवनाथ स्वामी, श्री सुमतिनाथ स्वामी एवं श्री नेमीनाथ स्वामी नेमीनाथ जी की प्रतिमा चोरी हो गई थी। अतः मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य में पुनः नई प्रतिमा विराजमान की गई। मुनि पुंगव श्री सुधा सागर जी महाराज के आशीर्वाद से अब हर रोज भक्तों के आने से यात्रियों को हजारों वर्ष प्राचीन धरोहर के दर्शन सुलभ हुए हैं। वहीं हमारी ऐतिहासिक धरोहर सुरक्षित हो गई। ऐसी ही जागरूकता हर एक ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक है ताकि हमारी ऐतिहासिक थाती (धरोहर) बनी रहे।




