आगरा, 24 सितंबर। पर्युषण पर्व के अवसर पर युवा जैन मिलन, आगरा द्वारा डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में विशेष संवाद कार्यक्रम ‘सीधी बात’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, समाज एवं आगरा से जुड़े विविध विषयों पर खुलकर संवाद और सार्थक विचार-विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन उपस्थित रहे। मंच पर प्रदीप जैन (पीएसी) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं चित्र अनावरण के साथ हुआ। मुख्य प्रायोजक सचिन जैन (आरसीएम) ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रदीप जैन, नवीन जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनोज बाकलीवाल, सुभाष जैन ‘बंटी’, अनिल जैन ‘रईस’, सुबीना जैन, रहीस जैन एवं सुनील जैन ठेकेदार सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सवाल भी हुए, जवाब भी मिले
‘सीधी बात’ के दौरान युवाओं ने रोजगार, करियर, व्यवसाय, युवा नेतृत्व, आगरा के विकास, पर्यटन, सामाजिक विषयों, जैन समाज के समसामयिक मुद्दों तथा जनगणना 2027 से जुड़े प्रश्न रखे। सांसद नवीन जैन ने इन विषयों पर विचार साझा कर युवाओं के प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया।
कार्यक्रम की मूल भावना रही—
“सवाल भी होंगे • जवाब भी होंगे • रास्ते भी निकलेंगे।”
युवाओं और जनप्रतिनिधि के बीच सीधे संवाद को कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बताया गया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए संवाद आवश्यक है और युवाओं को अपने विचार एवं प्रश्न रखने का मंच मिलना चाहिए।
गिरनार पांचवीं टोंक के संबंध में साझा की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सांसद नवीन जैन ने गिरनार की पांचवीं टोंक से संबंधित जैन समाज, विशेषकर दिगंबर जैन समाज एवं सनातन समाज के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के संबंध में जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आचार्य प्रज्ञसागरजी महाराज द्वारा इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद के अनुसार, विचार-विमर्श के स्तर पर एक प्रस्ताव पर चर्चा है, जिसमें दोनों पक्षों को अलग-अलग निर्धारित समय पर पूजा-पाठ एवं धार्मिक गतिविधियों की अनुमति देने की व्यवस्था हो सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विषय अभी प्रयास एवं विचार-विमर्श के स्तर पर है। अंतिम निर्णय संबंधित पक्षों तथा सक्षम प्राधिकारियों की सहमति से ही होगा। गिरनार जैन समाज की आस्था का महत्वपूर्ण तीर्थ है और सभी पक्षों के बीच संवाद, सौहार्द एवं धार्मिक भावनाओं के सम्मान के साथ समाधान की अपेक्षा व्यक्त की गई।
आयोजन में इनकी रही भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा जैन मिलन के संरक्षक अंकुर जैन ‘अमूल’, अध्यक्ष अंकुर जैन ‘रईस’, महामंत्री अनुज जैन ‘क्रांति’, कोषाध्यक्ष अजय जैन ‘कोयला’, उपाध्यक्ष अमित जैन, अखिल जैन एवं मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समस्त कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
श्रीफल साथी : राहुल जैन, आगरा




