आगरा। आगरा खंडेलवाल दिगंबर जैन समिति का वार्षिक क्षमावाणी मिलन समारोह 2 अक्टूबर को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सानंद संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

बेलनगंज शैली की बालिका द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण ने समारोह के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित समाजजनों ने इस मनमोहक प्रस्तुति की सराहना की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

नाई की मंडी एवं मोती कटरा शैली के महिला मंडलों और बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भक्ति नृत्य एवं जैन परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने समाजजनों का मन मोह लिया। पूरे समारोह में धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं का सुंदर समन्वय दिखाई दिया।

मुख्य अतिथि का सम्मान

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वैभव जैन, आईआरएस, भारत सरकार उपस्थित रहे। समिति की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।

दंपतियों, तपस्वियों और प्रतिभाओं का सम्मान

समिति द्वारा वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले दंपतियों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं तथा दशलक्षण महापर्व के दौरान उपवास एवं तेला की तपस्या करने वाले त्यागीवृत्ति समाजजनों का प्रतीक चिह्न एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। सम्मानित सदस्यों की समाजजनों ने अनुमोदना की।

म्यूजिक तंबोला और वात्सल्य भोज

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन मनोज जैन बाकलीवाल एवं दीपक जैन ने किया। सुरभि पाटनी एवं शोमना जैन द्वारा म्यूजिक तंबोला गेम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समारोह के समापन पर बेलनगंज शैली की ओर से वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई। समाजजनों ने प्रेम, सौहार्द एवं आत्मीयता के साथ सहभागिता की।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष निर्मल मोठया, हीरालाल बैनाड़ा, नरेंद्र गोधा, पंकज जैन, कमल जैन, सुरेंद्र बैनाड़ा, राजेंद्र जैन, शैलेंद्र जैन, संदीप पाटनी, अमित सोनी, दिलीप जैन, मनीष जैन, अंकुर जैन, विभू बैनाड़ा, अनिल मोठया, सुबोध पाटनी, उमा मोठया, प्रिया जैन एवं मीडिया प्रभारी शुभम जैन कासलीवाल सहित समिति पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : शुभम जैन कासलीवाल, आगरा